Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

न्यूजीलैंड के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर जॉन रीड का निधन

Advertiesment
हमें फॉलो करें न्यूजीलैंड के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर जॉन रीड का निधन
, बुधवार, 14 अक्टूबर 2020 (18:08 IST)
ऑकलैंड। न्यूजीलैंड के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर और पूर्व कप्तान जॉन रीड का निधन हो गया है। वे 92 साल के थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। रीड को 50 और 60 के दशक में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में गिना जाता था। उन्होंने 34 टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में ही न्यूजीलैंड ने पहली तीन जीत दर्ज की थी।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी डेविड वाइट ने बयान में कहा, इस देश का जन-जन उनके नाम से वाकिफ था और आगे भी रहेगा। उनके संज्ञान में जो भी बात लाई गई उन्होंने उसके लिए मार्ग प्रशस्त करने में मदद की। हालांकि उनके निधन के कारण के बारे में नहीं बताया गया है।

रीड का जन्म ऑकलैंड में हुआ था लेकिन उनकी शिक्षा-दीक्षा वेलिंगटन में हुई। उन्होंने 246 प्रथम श्रेणी मैचों में 41.35 की औसत से 16128 रन बनाए जिसमें 39 शतक शामिल हैं। उन्होंने 22.60 की औसत से 466 विकेट भी लिए।

आक्रामक बल्लेबाज और तेज गेंदबाज रीड ने 1949 में 19 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने 58 टेस्ट मैच खेले तथा 33.28 की औसत से 3428 रन बनाने के साथ 33.35 की औसत से 85 विकेट भी लिए थे।
रीड ने टेस्ट क्रिकेट में छह शतक लगाए। उनका उच्चतम स्कोर 142 रन था जो उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1961 में बॉक्सिंग डे टेस्ट में बनाया था। उन्होंने 1965 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। बाद में वह न्यूजीलैंड के चयनकर्ता, मैनेजर और आईसीसी मैच रेफरी बने थे।(भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

IPL-13 में 7 में से 6 मैच गंवाने वाली किंग्स इलेवन पंजाब को अब गेल पर भरोसा