Publish Date: Wed, 13 Sep 2017 (23:49 IST)
Updated Date: Wed, 13 Sep 2017 (23:51 IST)
केपटाउन। बॉलीवुड अभिनेत्री और किंग्स इलेवन पंजाब की सह-मालकिन प्रीति जिंटा ने दक्षिण अफ्रीका की ट्वंटी-20 ग्लोबल लीग में स्टॉलनबॉश टीम का नाम एसबी किंग्स रखा है।
प्रीति 2008 में किंग्स इलेवन पंजाब की सह मालकिन बनीं थी। इस समय वह आईपीएल की एकमात्र महिला मालकिन हैं और अब वह ट्वंटी-20 ग्लोबल लीग की टीम की एकमात्र महिला मालकिन भी बन गई हैं।
प्रीति ने टीम के नाम की घोषणा करते हुए कहा, शील्ड शक्ति और मजबूती का ताकत है, लाल रंग उत्साह एवं जोश का प्रतीक है और शेर दक्षिण अफ्रीकी लोगों के संघर्ष को दर्शाता है। यह संदेश सभी महिलाओं के लिए है। मुझे उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका की सभी महिलाएं स्टॉलनबॉश किंग्स का समर्थन करेंगी। यह कोई मायने नहीं रखता है कि हम किस देश में रहते हैं लड़कियां आज की ताकत हैं।
ट्वंटी-20 ग्लोबल लीग टूर्नामेंट की शुरुआत तीन नवंबर से होगी। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) टूर्नामेंट से पहले स्टेडियम में सुविधाएं में सुधार लाने के लिए पहले ही 3.2 करोड़ डॉलर की राशि जारी कर चुका है।
ट्वंटी-20 ग्लोबल लीग एक अंतरराष्ट्रीय ट्वंटी-20 क्रिकेट लीग है। इसमें आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं जिसमें स्थानीय और विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। स्टॉलनबॉश किंग्स की टीम चार नवंबर को जो बर्ग जाएंट्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। (वार्ता)