Publish Date: Thu, 18 Apr 2019 (14:11 IST)
Updated Date: Thu, 18 Apr 2019 (14:17 IST)
अपना दूसरा इंडियन प्रीमियर लीग खेल रहे पृथ्वी शॉ दिल्ली कैपिटल्स का अहम हिस्सा हैं। पृथ्वी शॉ मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को अपना रोल मॉ़डल मानते हैं। मजे की बात यह है कि सचिन भी मुंबईकर है और पृथ्वी का घर भी मुंबई में है। कई लोगों का मानना भी है कि पृथ्वी की बल्लेबाजी सचिन से काफी मिलती जुलती है। (फोटो सौजन्य- ट्विटर)
पृथ्वी के लिए खुशी की घडी तब आई जब मुंबई के खिलाफ मैच खेलने से पहले सचिन ने उन्हें अपने घर पर डिनर का न्यौता दिया। विश्व के प्रख्यात बल्लेबाज और बचपन के आदर्श सचिन तेंदुलकर का मेहमान बनकर पृथ्वी बहुत खुश हुए। सचिन के घर पहुंचकर उन्होंने सचिन तेंदुलकर को धन्यवाद भी किया। यही नहीं पृथ्वी ने खुद ट्वीट कर जानकारी दी कि वह सचिन तेंदुल्कर के घर पर डिनर कर रहे हैं।
पृथ्वी ने ट्वीट किया, ‘अच्छे डिनर के लिए सचिन सर को धन्यवाद। आपसे मिलने पर हमेशा खुशी होती है।’पृथ्वी का यह ट्वीट देखते ही देखते वायरल हो गया। इस ट्वीट पर 13 हजार लाइक आ चुके है और 800 से ज्यादा लोगों ने इसे रीट्वीट किया है।
सीजन में पृथ्वी ने अब तक 8 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 23.37 के औसत से 187 रन बनाए हैं। पिछले साल आईपीएल में पदार्पण करने वाले पृथ्वी ने 9 मैचों में 27.22 के औसत से 245 रन बनाए थे। गौरतलब है कि पिछले साल पृथ्वी शॉ की कप्तानी में ही भारत ने अंडर 19 वर्ल्डकप जीता था। उनकी लोकप्रियता तब से ही बढ़ने लगी थी। अपने पहले टेस्ट में भी वह शतक लगा चुके हैं। उम्मीद है सचिन से मिलने के बाद वह सचिन जैसा ही खेल दिखाएँगे।