Publish Date: Sat, 09 Nov 2019 (17:08 IST)
Updated Date: Sat, 09 Nov 2019 (17:11 IST)
नागपुर। पिछले काफी समय से खराब फार्म से गुजर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को चारों तरफ से मिल रही लानतों के बीच शनिवार को उस वक्त राहत मिली जब कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा ने उनका समर्थन कर दिया।
रोहित ने आलोचकों से कहा कि ऋषभ पंत को उनके हाल पर छोड़ दीजिए क्योंकि वह सिर्फ टीम प्रबधंन की रणनीति पर अमल की कोशिश कर रहे हैं।
कई मौकों पर पंत के शॉट चयन की काफी आलोचना हुई है और राजकोट में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टी20 में उनकी खराब विकेटकीपिंग की भी आलोचना हुई।
कप्तान रोहित ने बांग्लादेश के खिलाफ यहां टी20 श्रृंखला के निर्णायक मैच से पूर्व कहा, ‘हर दिन, हर मिनट ऋषभ पंत के बारे में काफी चर्चाएं चल रही हैं। मुझे यही लगता है कि उसे वही करने देना चाहिए जो वह मैदान पर करना चाहते हैं। मैं हर किसी से अनुरोध करूंगा कि कुछ समय के लिए पंत से निगाहें हटा लीजिए।
उन्होंने कहा, ‘वह निर्भीक क्रिकेटर हैं और हम (टीम प्रबंधन) उन्हें वही आजादी देना चाहते हैं। और अगर आप कुछ समय के लिए अपनी निगाहें उससे दूर रखोगे तो इससे वह बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे।’
रोहित दिल्ली के इस युवा खिलाड़ी की लगातार आलोचना से खुश नहीं हैं। उन्होंने इस पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि पंत 22 साल के युवा हैं, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद का मुकाम हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। वह मैदान पर कुछ भी करते हैं, लोग उनके बारे में बात करना शुरू कर देते हैं। यह ठीक नहीं है। मुझे लगता है कि हमें उसे उनका क्रिकेट खेलने देना चाहिए, जो वास्तव में वह करना चाहते हैं।