Publish Date: Fri, 10 Nov 2017 (00:02 IST)
Updated Date: Fri, 10 Nov 2017 (00:07 IST)
मुंबई। अतीत सेठ (50 रन पर पांच विकेट) और लुकमान मेरीवाला (52 रन पर पांच विकेट) की घातक गेंदबाजी से बड़ौदा ने मुंबई को उसके 500वें रणजी ट्रॉफी मैच में गुरुवार को पहली पारी में 171 रन पर ढेर कर दिया।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस ग्रुप सी मैच में मुंबई की टीम 56.2 ओवर में 171 रन पर सिमट गई। अतीत सेठ और मेरीवाला ने पांच-पांच विकेट लेकर मुंबई का बोरिया बिस्तरा बांध दिया। कप्तान अदित्य तारे ने सर्वाधिक 50 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए हाल में ट्वंटी-20 में पदार्पण करने वाले श्रेयस अय्यर ने 28 और सिद्धेश लाड ने 21 रन बनाए।
बड़ौदा ने इसके जवाब में दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट खोकर 63 रन बना लिए हैं और वह पहली पारी में 108 रन से पीछे हैं। आदित्य वागमोदे 15 और विष्णु सोलंकी 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। (वार्ता)