Publish Date: Mon, 25 Jul 2016 (15:04 IST)
Updated Date: Mon, 25 Jul 2016 (15:08 IST)
नॉर्थ साउंड। जीत को 'संक्रामक' बताते हुए भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने कहा कि यह अच्छी आदत है और दुनिया में कहीं भी मजबूत प्रदर्शन के लिए भारतीय टीम को इसे बरकरार रखना होगा।
भारत ने वेस्टइंडीज को पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में रविवार को 4 दिन के भीतर ही 1 पारी और 92 रन से हराया कोहली ने जीत के बाद कहा कि हम जीत की आदत डालना चाहते हैं, यह अच्छी आदत है। जीतना संक्रामक है। यदि हम टेस्ट मैच जीतना सीख गए तो हर जगह जीतना भी सीख जाएंगे। हम सीख जाएंगे कि अलग-अलग हालात में कैसे खेला जाता है।
उन्होंने कहा कि हम लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। हम विरोधी टीम का मुंह ताकने की बजाय लक्ष्य तय करके उन पर अमल करना चाहते हैं तथा बतौर कप्तान, मेरे और पूरी टीम के लिए भी यह अच्छा है। सभी समझते हैं कि मैदान पर कैसे बल्लेबाजी करनी है या गेंदबाजी करनी है। हमें टीम की जरूरतों के अनुरूप प्रदर्शन करना है और यह सबसे अहम है।
उन्होंने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हमने पहली पारी में ज्यादा गेंदबाजी नहीं की थी लिहाजा सभी की नजरें दूसरी पारी पर थीं। पहली पारी सही समय पर खत्म हुई और हमें 13-14 ओवर गेंदबाजी करने को मिली। सभी गेंदबाजों ने जिम्मेदारी लेकर अच्छा प्रदर्शन किया।
कोहली ने इसकी तारीफ की कि स्पिनरों ने दूसरी पारी में अतिरिक्त कार्यभार उठाया चूंकि पहली पारी में उमेश यादव और मोहम्मद शमी ने ज्यादा ओवर फेंके थे तथा उन्हें पता था कि पहली पारी में तेज गेंदबाजों ने ज्यादा ओवर फेंके थे लिहाजा हमें दूसरी पारी में जिम्मेदारी लेनी है।
उन्होंने कहा कि अश्विन ने बेहतरीन गेंदबाजी की और मिश्रा ने भी उम्दा प्रदर्शन किया। दोनों ने दबाव बनाए रखा। हम साझेदारी में गेंदबाजी की बात करते हैं और यह उसका शानदार उदाहरण है। नए कोच अनिल कुंबले ने भी जीत के साथ आगाज किया और कोहली ने कुंबले के साथ इस नए अध्याय के आगाज पर खुशी जताई।
उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक खेलने के कारण वे समझते हैं कि खिलाड़ी के लिए जीत के क्या मायने हैं। उन्होंने सभी को बधाई दी और जीत में योगदान देने वालों का खास जिक्र किया। उनके लिए यह अच्छी शुरुआत है। हम सभी बहुत खुश हैं। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Mon, 25 Jul 2016 (15:04 IST)
Updated Date: Mon, 25 Jul 2016 (15:08 IST)