WTC Final में डाले गए 35 ओवरों ने कमर तोड़ दी पैट कमिंस की
कमर की चोट से जूझ रहे पैट कमिंस की नजरें एशेज में वापसी पर
Publish Date: Wed, 03 Sep 2025 (15:12 IST)
Updated Date: Wed, 03 Sep 2025 (15:27 IST)
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने कहा है कि वह प्रतिष्ठित एशेज श्रृंखला में खेलने के लिए जो कुछ भी जरूरी हो वह करेंगे। कमिंस कमर की चोट से जूझ रहे हैं जो उन्हें संभवत: जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के दौरान काम के अधिक बोझ के कारण लगी थी।
कमिंस न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की श्रृंखला और एशेज से पहले शेफील्ड शील्ड मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। इस 32 साल के तेज गेंदबाज को हालांकि उम्मीद है कि वह 21 नवंबर से पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट से पूर्व पूरी तरह से फिट हो जाएंगे।
कमिंस ने बुधवार को cricket.com.au से कहा, मैं तब तक टेस्ट मैच में नहीं उतरूंगा जब तक कि मुझे यह नहीं लगे कि मैं टेस्ट मैच को खत्म कर सकता हूं।
उन्होंने कहा, लेकिन जब आप 18 या 19 साल के होते हैं तो आप सोचते हैं कि मैं अपने रिहैबिलिटेशन को परफेक्ट बनाऊंगा, फिर चाहे इसके लिए अतिरिक्त छह महीने लग जाएं। जबकि मैं इस सोच के साथ खुश हूं कि यह एशेज श्रृंखला है और इसमें खेलने के लिए जो भी जरूरी होगा मैं वह करूंगा।
इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के महत्व की ओर इशारा करते हुए कमिंस ने कहा, लेकिन अंत में अगर आप शत प्रतिशत फिट नहीं होते और अगले साल आपको थोड़े ब्रेक की जरूरत होती है तो फिर एक और एशेज होगी।मेडिकल स्कैन में कमिंस की कमर में चोट का खुलासा हुआ है और वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला खत्म होने के हफ्तों बाद भी यह दिग्गज इससे परेशान है।
कमिंस ने कहा कि विशेषज्ञ एक महीने में उनकी चोट का पुन: आकलन करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर वह शेफील्ड शील्ड के मुकाबलों में नहीं खेलते हैं तो भी उन्हें एशेज की तैयारी के लिए काफी कम समय की जरूरत होगी और वह यह जोखिम उठाने को तैयार हैं।कमिंस ने जून में लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में चार दिन में 35.1 ओवर गेंदबाजी की थी। इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने के बाद लंदन पहुंचे कमिंस के गेंदबाजी के भार में खिताबी मुकाबले के दौरान काफी वृद्धि देखी गई थी। (भाषा)
About Writer
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें