Publish Date: Thu, 07 Jun 2007 (00:54 IST)
Updated Date: Thu, 07 Jun 2007 (00:54 IST)
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान ने कोच बॉब वूल्मर की मौत के बाद देश के सम्मान को नुकसान पहुँचाने पर क्रिकेट बोर्ड से जमैका पुलिस एवं पूर्व तेज गेंदबाज सरफराज नवाज के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की माँग की है।
महान ऑलराउंडर इमरान ने पीसीबी से कहा है कि जमैका पुलिस ने वूल्मर की मौत का गलत कारण देने के बाद टीम के खिलाड़ियों
से संदिग्ध की तरह पूछताछ की डीएनए परीक्षण कराया और फिंगरप्रिंट लिए। इससे टीम की छवि खराब हुई, इसलिए जमैका पुलिस के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
इमरान ने कहा वूल्मर की मौत की गलत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पाकिस्तान क्रिकेट को बुरे दौर से गुजरना पड़ा। खिलाड़ी संदिग्ध बन गए। शुरू में सबने यही सोचा था कि यह कुदरती मौत है।
'द गार्डियन' ने उनके हवाले से लिखा है जब पाकिस्तान के मीडिया मैनेजर ने वूल्मर का शव देखा तो उन्हें पहली ही नजर में लगा कि यह स्वाभाविक मौत का मामला है। हत्या का संदेह जताने से पहले जमैका पुलिस को और अधिक सबूत इकट्ठे करने चाहिए थे।
इमरान ने कहा मेरे हिसाब से पीसीबी को मानहानि का मुकदमा दर्ज कराना चाहिए। अगर मैं पाकिस्तान का कप्तान होता तो नुकसान की भरपाई की माँग करता।
पूर्व कप्तान ने टीम पर मैच फिक्सिंग का आरोप लगाने पर सरफराज को भी लताड़ते हुए कहा कि उन्हें (पीसीबी को) सरफराज के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराना चाहिए क्योंकि वह पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने पाकिस्तानी टीम का सट्टेबाजों के साथ संबंध होने का आरोप लगाया था।
सरफराज ने कहा था कि वूल्मर की मौत मैच फिक्सिंग माफिया के साथ जुड़ी है और विश्व कप में पाकिस्तान के मैच फिक्स थे।
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें