धोनी और साक्षी को हनीमून का न्योता
नई दिल्ली , बुधवार, 7 जुलाई 2010 (17:35 IST)
भारतीय क्रिकेट टीम के नवविवाहित कप्तान महेंद्र सिंह धेनी और उनकी पत्नी साक्षी को न्यूजीलैंड में क्वींसटाउन पर्यटन बोर्ड ने हनीमून के लिए आने का न्यौता दिया है।क्वींसटाउन डेस्टिनेशन के मुख्य कार्यकारी टोनी एवरिट ने एक बयान में कहा कि हमें मिस्टर और मिसेज धोनी को हनीमून के लिए क्वींसटाउन आने का न्यौता देते हुए काफी खुशी हो रही है। यह उनके लिए परफेक्ट रोमांटिक हनीमून होगा। पिछले साल धोनी ने भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे पर क्वींसटाउन में कहा था कि यह हनीमून के लिए परफेक्ट जगह है।धोनी ने कहा था कि न्यूजीलैंड बेहद खूबसूरत है और यहाँ के लोग काफी गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। जीवन में एक बार आप यहाँ जरूर आना चाहोगे। क्रिकेट नहीं तो हनीमून के लिए ही सही। वजह कुछ भी हो, एक बार न्यूजीलैंड जरूर आइये।इसी को ध्यान में रखते हुए एवरिट ने कहा कि एमएस धोनी और साक्षी को न्यूजीलैंड में यादगार हनीमून की सौगात मिलेगी। हम उनके रहने की सर्वश्रेष्ठ व्यवस्था करेंगे। इसमें कई गतिविधियाँ मसलन गोल्फ, फिशिंग के साथ बेहतरीन वाइन और दुनिया भर के शानदार व्यंजन परोसे जाएँगे। इसके अलावा वे पहाड़ की चोटियों, झीलों और जंगलों के बीच भी हनीमून मना सकते हैं। (भाषा)