Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

धोनी-युवराज कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे

Advertiesment
हमें फॉलो करें धोनी-युवराज कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे
नई दिल्ली (भाषा) , सोमवार, 6 अगस्त 2007 (10:13 IST)
आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्रसिंह धोनी और मध्यक्रम के अनुभवी बल्लेबाज युवराजसिंह ट्वंटी-20 विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम की कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं।

दक्षिण अफ्रीका में 11 से 28 सितंबर के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय चयनकर्ता 7 अगस्त को अंतिम 15 खिलाड़ियों का चयन करेंगे। इसी दौरान कप्तान का भी फैसला किया जाएगा।

वर्तमान कप्तान राहुल द्रविड़, सचिन तेंडुलकर और सौरव गांगुली के ट्वंटी-20 विश्व कप से हट जाने के कारण टीम को नए कप्तान की जरूरत पड़ी है। माना जा रहा है कि इससे कुछ हद तक भारतीय टीम के भावी कप्तान की तस्वीर भी साफ हो जाएगी।

बोर्ड के सूत्रों के अनुसार धोनी की दावेदारी सबसे मजबूत है, जो अभी एकदिवसीय टीम के उप-कप्तान भी हैं। उन्होंने कहा कि धोनी को एकदिवसीय टीम का उप कप्तान बनाए जाने से उनकी दावेदारी मजबूत बन गई है।

युवराज के नाम को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसके अलावा कुछ और नाम हैं जिन पर चयन समिति की बैठक में चर्चा हो सकती है।

समझा जा रहा है कि धोनी को द्रविड़ का समर्थन भी हासिल है, जिन्होंने हाल में कहा था कि रांची का यह क्रिकेटर अब काफी परिपक्व हो गया है और उसके पास अच्छा 'क्रिकेट ब्रेन' है।

चयन समिति के एक सदस्य वेंकटपति राजू ने भी ट्वंटी-20 विश्व कप के 30 संभावित खिलाड़ियों के चयन के बाद कहा था कि धोनी के कप्तान बनने के अच्छे अवसर हैं। धोनी वन-डे टीम के उप-कप्तान हैं तथा द्रविड़ और सीनियर खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में उनके कप्तान बनने के अच्छे अवसर हैं। वैसे सब कुछ चयन समिति के सदस्यों पर निर्भर करता है।

धोनी और युवराज के अलावा वीरेंद्र सहवाग, मोहम्मद कैफ और दिनेश कार्तिक का नाम भी चर्चा में है। सहवाग को अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी का अनुभव है, लेकिन लचर फॉर्म के कारण उनका पक्ष कमजोर पड़ गया है।

कैफ को एक समय राष्ट्रीय टीम का भावी कप्तान माना जाता था, लेकिन खराब फॉर्म के कारण उन्हें भी टीम से जगह गँवानी पड़ी। कैफ की कप्तानी में ही भारत ने अंडर-19 विश्व कप जीता था। अभी वे भारत ' ए' के कप्तान हैं और जिम्बॉब्वे में उन्होंने अपने कप्तानी कौशल से प्रभावित भी किया।

जहाँ तक कार्तिक का सवाल है, तो पूर्व कोच ग्रेग चैपल ने उनके बारे में कहा था कि उनमें कप्तानी के गुण मौजूद हैं। कार्तिक ने खेल के हर क्षेत्र में आत्मविश्वास दिखाकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi