Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बाउचर ने किया 500वाँ शिकार

Advertiesment
हमें फॉलो करें बाउचर ने किया 500वाँ शिकार
बैसेटेरे , बुधवार, 23 जून 2010 (00:41 IST)
दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर मार्क बाउचर टेस्ट इतिहास में 500 शिकार करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। बाउचर इसके साथ ही टेस्ट इतिहास में 500 शिकार करने और 5000 रन बनाने वाले भी पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

33 वर्षीय बाउचर ने अपने 133वें टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की। बाउचर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन मोर्न मोर्कल की गेंद पर रवि रामपाल का कैच लपककर अपना 500वाँ शिकार किया। बाउचर ने अपना टेस्ट करियर 1997 में पाकिस्तान के खिलाफ शुरू किया था।

अपनी इस शानदार उपलब्धि के बाद बाउचर ने कहा कि वह अभी कुछ समय और टेस्ट क्रिकेट खेलते रहना चाहेंगे और उन्होंने एकदिवसीय मोर्चे पर भी अपने लिए लक्ष्य तय कर रखा है। बाउचर ने अपने शानदार करियर में 478 बल्लेबाजों को कैच करने के अलावा 22 बल्लेबाजों को स्टंप भी किया है।

टेस्ट क्रिकेट में बाउचर के बाद ऑस्ट्रेलिया के संन्यास ले चुके विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट 416 शिकारों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वनडे में बाउचर 292 मैचों में 421 शिकार के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इस मामले में गिलक्रिस्ट उनसे आगे हैं, जिनके खाते में 287 मैचों से 472 शिकार हैं। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi