Dharma Sangrah

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मुंबई इंडियंस की लगातार दूसरी हार

Advertiesment
हमें फॉलो करें आईपीएल 4
मुंबई , रविवार, 15 मई 2011 (00:20 IST)
पिछले मैच में शर्मनाक हार झेलने के बावजूद मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी में कोई सुधार नजर नहीं आया। डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ आईपीएल के कम स्कोर वाले मैच में भी शनिवार को उसे 10 रन से पराजय का सामना करना पड़ा।

डेक्कन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 135 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 125 रन ही बना सकी। कप्तान सचिन तेंडुलकर (37) और कीरोन पोलार्ड (24) को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चल सका।

पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ मुंबई की टीम 87 रन पर सिमट गई थी और उसे 76 रन से हार झेलनी पड़ी थी।

इस हार के बाद मुंबई 12 मैचों में 16 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई है। वहीं प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुके डेक्कन चार्जर्स अब 12 मैचों में आठ अंक के साथ पर नौवें स्थान पर है, जबकि दिल्ली डेयरडेविल्स आखिरी स्थान पर खिसक गई है।

इससे पहले मुंबई इंडियंस ने धवल कुलकर्णी के तीन विकेट समेत गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर डेक्कन चार्जर्स को छह विकेट पर 135 रन पर रोक दिया। मुंबई के लिए एकमात्र अपवाद मुनाफ पटेल का आखिरी ओवर था जिसमें 23 रन बने। डेक्कन ने 19वें ओवर के आखिर तक छह विकेट पर 112 रन बनाए थे।

आखिरी ओवर में शिखर धवन ने मुनाफ को डीप मिडविकेट पर छक्का लगाया। इसके बाद अमित मिश्रा ने लगातार चार चौके जड़े। धवन ने 18 गेंद में नाबाद 27 रन बनाए जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल थे। वहीं मिश्रा ने छह गेंद में 18 रन बनाए। पहले चौके के बाद मुनाफ और मिश्रा में तीखी बहस भी हुई। तीसरे चौके के बाद दोनों के आपस में टकराने से हालात बदतर होते नजर आने लगे। दोनों एक-दूसरे पर चीखते नजर आए।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनने वाले चार्जर्स की शुरुआत खराब रही। लसिथ मलिंगा ने दूसरी ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज माइकल लुम्ब (0) को आउट कर दिया। इसके बाद से चार्जर्स दबाव से उबर नहीं सके।

सन्नी सोहाल (20) और कप्तान कुमार संगकारा (27) ने दूसरे विकेट के लिए सात ओवर में 39 रन बनाए। इसके बाद चार्जर्स ने 24 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए। डेनियल क्रिस्टियन और धवन ने छठे विकेट के लिए 28 रन की साझेदारी की। मिश्रा और धवन ने सिर्फ दस गेंद में 30 रन बनाकर चार्जर्स को कुछ सम्मानजनक स्कोर दिया।

मुंबई के लिए कुलकर्णी ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए। मलिंगा, हरभजन और कीरोन पोलार्ड को एक-एक विकेट मिला। चार्जर्स ने दूसरी ही गेंद पर लुम्ब का विकेट गंवा दिया। सोहाल ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए दूसरे ओवर में मुनाफ को मिडविकेट पर छक्का लगाया, लेकिन मुंबई के गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने के मौके नहीं दिए।

कप्तान संगकारा ने हरभजनसिंह को छक्का लगाने के बाद कुलकर्णी को चौका जड़ा। कुलकर्णी ने हालांकि उन्हें पैवेलियन भेजकर बदला चुकता कर दिया। पोलार्ड ने प्वाइंट पर उनका शानदार कैच लपका।

चार्जर्स के 50 रन नौवें ओवर में बने। सोहाल को पोलार्ड ने अपने पहले ओवर में एंड्रयू साइमंड्स के हाथों लपकवाया। जेपी डुमिनी ने हरभजन को चौका लगाया, लेकिन इस ऑफ स्पिनर की टर्न लेती गेंद पर अपना विकेट भी गंवा बैठे। चार्जर्स का स्कोर 11 ओवर में चार विकेट पर 58 रन था।

अगले तीन ओवर में मलिंगा गेंदबाजी के लिए लौटे। इस दौरान सिर्फ 18 रन बने। भरत चिपली ने कुलकर्णी की गेंद पर पुल शॉट खेलने की नाकाम कोशिश की और शॉर्ट मिडविकेट पर सुमन को कैच दे बैठे। पांच विकेट 77 रन पर गिरने के बाद चार्जर्स के बल्लेबाजों ने आखिरी पांच ओवर में 53 रन बनाए।

जवाब में मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। छठे ओवर में 25 के स्कोर पर उसके शुरुआती तीन बल्लेबाज एडेन ब्लिजार्ड (01), अंबाती रायडू (02) और रोहित शर्मा (04) पैवेलियन लौट गए। ब्लिजार्ड को डुमिनी ने बोल्ड किया जबकि रायडू और रोहित को ईशांत शर्मा ने पैवेलियन भेजा।

साइमंड्स (08) को मिश्रा ने ईशांत के हाथों लपकवाया, जबकि दो छक्के लगाकर 13 गेंद में 14 रन बनाने वाले टी. सुमन को नए गेंदबाज आनंद राजन ने आउट किया। मुंबई का स्कोर 16वें ओवर में पांच विकेट पर 81 रन था।

राजन ने इसी ओवर में तेंडुलकर को पगबाधा आउट करके मुंबई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। तेंडुलकर ने 42 गेंद में 37 रन बनाए। पोलार्ड ने आक्रामक शॉट लगाकर टीम को मैच में लौटाने की कोशिश की, लेकिन देर हो चुकी थी। राजन ने उन्हें आखिरी ओवर में आउट करके तीसरा विकेट लिया। पोलार्ड ने 13 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi