Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

रन बनाने में ही नहीं स्ट्राइक रेट में भी फेल हुए गेल

Advertiesment
हमें फॉलो करें क्रिस गेल
नई दिल्ली , रविवार, 25 मई 2014 (14:34 IST)
FILE
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग में 2011 से अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नित नए रिकॉर्ड बनाने वाले क्रिस गेल 2014 में न सिर्फ रन बनाने के लिए जूझते रहे बल्कि उनके आक्रामक तेवर भी नहीं दिखाए दिए और यही वजह रही कि 6 मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा।

गेल चोटिल होने के कारण आईपीएल-7 के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाए थे। इसके बाद उन्होंने 9 मैचों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से पारी का आगाज किया लेकिन वह 21.77 की औसत से केवल 196 रन ही बना पाए और उनका स्ट्राइक रेट 106.52 रहा। यही नहीं वह इस बार एक भी अर्धशतक नहीं जमा पाए।

यह स्थिति उस गेल की है जिन्होंने इससे पहले के तीनों सत्र में कम से कम एक शतक जरूर बनाया और उनका स्ट्राइक रेट 150 रन से अधिक रहा। गेल ने 2011 में 12 मैचों में 608 रन बनाए जिसमें दो शतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 183.13 रहा।

इसके एक साल बाद उन्होंने 15 मैचों में 160.74 की स्ट्राइक रेट से रिकॉर्ड 733 रन बनाए। पिछले साल यानि 2013 में गेल ने 16 मैचों में 708 रन ठोके और उनका स्ट्राइक रेट 156.29 रहा, लेकिन इस बार कहानी एकदम से बदल गई।

आलम यह था कि छह मैचों में गेल का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा। उनका उच्चतम स्कोर 46 रन था, जो उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ रांची में बनाया था। उन्होंने इस पारी में 50 गेंद खेली तथा इस तरह से उनका स्ट्राइक रेट 92.00 रहा।

इसके अलावा पांच अन्य मैचों में गेल का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा। उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ सात गेंद पर चार रन, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 25 गेंद पर 19 रन, दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 23 गेंद पर 22 रन, सनराजइर्स हैदराबाद के खिलाफ 20 गेंद पर 14 रन और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ नौ गेंद पर छह रन बनाए।

केवल तीन मैचों में ही गेल का स्ट्राइक रेट 100 से अधिक रहा लेकिन वे बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उनकी असफलता का असर आरसीबी के प्रदर्शन पर भी पड़ा और वह 14 मैच में केवल पांच मैचों में जीत दर्ज करके अंक तालिका में 7वें स्थान पर रहकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गया।

गेल जिन 9 मैचों में खेले उनमें से 6 में आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा था। गेल को छक्कों का बादशाह माना जाता है।

आईपीएल में उनके नाम पर सर्वाधिक 192 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड है। उनके बाद दूसरे स्थान पर सुरेश रैना हैं जिन्होंने 126 छक्के लगाए हैं लेकिन गेल इस सत्र में केवल 12 छक्के ही लगा पाए। इससे पहले उन्होंने 2011 में 44 छक्के, 2012 में 59 छक्के और 2013 में 51 छक्के लगाए थे। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi