Publish Date: Mon, 02 Jul 2007 (12:34 IST)
Updated Date: Mon, 02 Jul 2007 (12:33 IST)
वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की संभावना से इनकार किया है, जिससे शीर्ष स्तर पर उनकी वापसी की अटकलों को विराम लग गया है।
कैरेबियाई सरजमीं पर आयोजित विश्व कप में टीम के लचर प्रदर्शन के बाद वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने संन्यास की घोषणा कर सबको चौंका दिया था।
विम्बलडन टेनिस प्रतियोगिता से इतर इस 38 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि लगभग 20 साल पहले मेरे टीचर ने कहा था कि मुझे स्कूल की कमी खलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और मुझे क्रिकेट की कमी भी महसूस नहीं हो रही।
बीबीसी ने लारा के हवाले से लिखा है कि मैंने 17 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। मुझे इसमें काफी आनंद आया और यह काफी है।
लारा ने 131 टेस्ट में लगभग 12000 और 299 एकदिवसीय मैचों में 10000 से अधिक रन बनाए हैं। हालाँकि उन्होंने दस लाख डॉलर इनाम वाली ट्वेंटी-20 इंडियन क्रिकेट लीग या इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने की संभावना से इनकार नहीं किया।
उन्होंने कहा कि मुझमें अब भी क्रिकेट खेलने की क्षमता है, इसलिए मैं यह नहीं कहूँगा कि मैंने खेल को अलविदा कह दिया है। मैं अब भी क्रिकेट खेल सकता हूँ, लेकिन किस स्तर पर, पता नहीं।
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें