Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

साक्षी को लेकर धोनी घर पहुँचे

Advertiesment
हमें फॉलो करें साक्षी को लेकर धोनी घर पहुँचे
राँची , बुधवार, 7 जुलाई 2010 (17:47 IST)
FILE
भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रविवार को देहरादून में अपने बचपन की मित्र साक्षी सिंह रावत से विवाह करने के बाद बुधवार को अपने 29वें जन्मदिन के मौके पर सैकड़ों समर्थकों के स्वागत के बीच सपत्नीक अपने घर पहुँच गए।

धोनी और उनकी पत्नी का उनकी मां और बहन ने आरती के साथ स्वागत किया।

धोनी ने गुलाबी टीशर्ट और काली जींस पहनी थी जबकि साक्षी ने सफेद सलवार सूट और धानी रंग की चुनरी पहन रखी थी। वे हवाई अड्डे से भारी सुरक्षा के बीच लालबत्ती लगी अपनी क्वालिस गाड़ी में सीधे घर पहुँचे।

माँ देवकी देवी और बहन जयंती ने घर में आई नई दुल्हन साक्षी और धोनी की आरती उतारी और उत्तराखंड की परंपरा के अनुसार दुल्हा-दुल्हन को घर के भीतर ले गई।

हरमू रोड स्थिति धोनी के आवास के बाहर उनकी एक झलक पाने के लिए खड़े सैकड़ों प्रशंसकों और दर्जनों मीडियाकर्मियों को एक बार फिर निराशा का सामना करना पड़ा।

भारतीय कप्तान ने हवाई अड्डे पर भी किसी को अपनी झलक नहीं दिखाई। धोनी की गाड़ी उनकी सुरक्षा में लगी पायलट गाड़ी के पीछे-पीछे चलते हुए सीधे घर के अंदर प्रवेश करने के बाद ही रुकी।

मीडियाकर्मी इस बीच धोनी और उनके परिवार की तस्वीरें खींचने के लिए आसपास के घरों की छत पर चढ़ गए लेकिन उनके परिजनों ने इसकी परवाह किए बगैर दूल्हे और दुल्हन के स्वागत से जुड़ी सारी रस्में पूरी की।

धोनी जिस क्वालिस गाड़ी में अपनी पत्नी साक्षी के साथ बैठे थे, उसमें उनका साला अक्षय रावत भी मौजूद था धोनी और साक्षी की एक झलक पाने के लिए सुबह से ही सैकड़ों लोग उनके घर के बाहर जुटने लगे थे, जिसे देखते हुए सुरक्षा के जबर्दस्त इंतजाम किए गए थे और किसी को भी उनके घर के आसपास फटकने की इजाजत नहीं थी।

घर के भीतर नवदंपति के स्वागत की रस्म विधि विधान से पूरी होने के बाद लगभग ढाई बजे धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ छत पर पहुँचे और वहाँ से उन्होंने घर के बाहर खड़े प्रशंसकों और मीडियाकर्मियों को विवाह के बाद पहली बार अपनी झलक दिखाई। छत से धोनी और सिर पर दुपट्टा डाले साक्षी ने लोगों का हाथ हिलाकर अभिवान स्वीकार किया।
अपनी पत्नी के साथ पहली बार राँची में अपने घर पहुँचे धोनी लोगों के सामने आने में शर्माते दिखे। जैसे ही उनकी पत्नी ने लोगों को अपना दुपट्टा ठीक करते हुए दीदार कराया, धोनी उसे लेकर पीछे मुड़े और घर में चले गए।

अपनी पसंदीदा राँची की जोड़ी नंबर वन को देखकर घर के बाहर खड़े लोग धोनी-धोनी की आवाज लगा रहे थे। लोगों ने जोर-जोर से आवाज लगाकर धोनी को जन्मदिन की शुभकामना दी और एक बार फिर बाहर आने को कहा लेकिन धोनी नहीं आए। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi