Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 91 सीटों पर चुनाव प्रचार थमा, 11 अप्रैल को होगा मतदान

हमें फॉलो करें लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 91 सीटों पर चुनाव प्रचार थमा, 11 अप्रैल को होगा मतदान
, मंगलवार, 9 अप्रैल 2019 (19:24 IST)
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 11 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम थम गया। पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।
 
आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के मतदान वाली 91 सीटों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू होगा। इनमें से कुछ सीटों पर शाम 4 बजे तक, कुछ पर 5 बजे तक और कुछ सीटों पर 6 बजे तक मतदान होगा। 
 
निर्वाचन नियमों के अनुसार मतदान खत्म होने के समय से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थम जाता है। इसके मुताबिक जिन सीटों पर शाम 4 बजे तक मतदान है, उन सीटों पर मंगलवार शाम 4 बजे से प्रचार थम गया। इसी प्रकार 5 और 6 बजे तक मतदान वाली सीटों पर आज शाम 5 बजे और 6 बजे से प्रचार पर पाबंदी लागू हो गई। 
 
उत्तरप्रदेश की 8 और पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक और बिहार, मणिपुर, मेघालय, नगालैंड और ओडिशा में सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।
 
चुनाव आचार संहिता के मुताबिक मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार अभियान थमने के दौरान सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अलावा जनसभा या किसी अन्य माध्यम से प्रचार प्रतिबंधित रहेगा।
 
चुनाव आयोग द्वारा पहले चरण के मतदान के लिए 18 मार्च को अधिसूचना जारी होने के बाद प्रचार अभियान जोर शोर से शुरू हो गया था।
 
आयोग ने 17वीं लोकसभा के गठन के लिए 543 सीटों पर 7 चरण में होने वाले चुनाव का कार्यक्रम 10 मार्च को घोषित किया था। 
 
पहले चरण में आंध्रप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। 
 
इसके अलावा उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों (सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा) और बिहार की चार सीटों (औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई), असम की पांच और महाराष्ट्र की सात, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की दो सीटों के लिए मतदान होगा। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लोकसभा चुनाव 2019 : महंगा पड़ा दूल्हा बनकर नामांकन भरना, दर्ज हुई एफआईआर