Publish Date: Mon, 01 Apr 2019 (16:29 IST)
Updated Date: Mon, 01 Apr 2019 (16:32 IST)
हैदराबाद। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री नहीं हैं बल्कि अमीरों के चौकीदार हैं।
गांधी ने सोमवार को राज्य के जहीराबाद में एक चुनाव रैली में कहा कि मोदी उद्योगपति अनिल अंबानी, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी सहित देश के 15 धनाढ्य लोगों के चौकीदार थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कृत्यों से इन अमीरों को हजारों करोड़ रुपए का फायदा हुआ है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वे अपनी योजनाओं के आधार पर न्यूनतम आय गारंटी योजना के तहत गरीब परिवारों को हर वर्ष 72 हजार रुपए उपलब्ध कराने का वादा करते हैं। न्यूनतम आय गारंटी योजना के तहत अकेले तेलंगाना के 50 लाख परिवार इससे लाभान्वित होंगे। गांधी ने जोर देकर कहा यह योजना देश से गरीबी को दूर करेगी। (वार्ता)