Publish Date: Sat, 16 Mar 2019 (21:34 IST)
Updated Date: Sat, 16 Mar 2019 (23:13 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश की प्रयागराज लोकसभा सीट से भाजपा सांसद श्यामाचरण गुप्ता ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है और सपा ने उन्हें बांदा से प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। सपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि बांदा लोकसभा सीट से श्यामाचरण गुप्ता सपा प्रत्याशी होंगे।
उल्लेखनीय है कि गुप्ता 2014 का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़े थे और प्रयागराज से लोकसभा सांसद निर्वाचित हुए थे। 2004 में वे सपा के टिकट पर बांदा से चुनाव जीत चुके हैं। बताया जाता है कि गुप्ता को इस बार भाजपा द्वारा टिकट काटे जाने की आशंका थी इसलिए उन्होंने सपा में जाने का फैसला किया।
इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय ने कहा कि गुप्ता को अहसास था कि उनके कर्मों से इस बार उन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिलेगा इसलिए उन्होंने अपना नया ठिकाना तलाश लिया। गुप्ता, जो एक बड़े कारोबारी हैं, 2009 का चुनाव सपा के टिकट पर फूलपुर से लड़े थे लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था। सपा ने कल यानी शुक्रवार को ही 5 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। इनमें कैराना से वर्तमान सांसद तबस्सुम हसन और गाजियाबाद से सुरेन्द्र कुमार शामिल हैं। सपा अब तक 17 प्रत्याशियों के नाम तय कर चुकी है।
बसपा के साथ समझौते के तहत सपा को 37 सीटें मिली हैं जबकि बसपा 38 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 3 सीटें रालोद को दी गई हैं जबकि गठबंधन ने सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली और राहुल गांधी के क्षेत्र अमेठी से उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। (भाषा)