Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

महाशिवरात्रि से खजुराहो लोकसभा सीट पर चुनावी अभियान का आगाज, भगवान मातंगेश्वर के आशीर्वाद से सभी 29 सीटों पर खिलेगा कमल

हमें फॉलो करें महाशिवरात्रि से खजुराहो लोकसभा सीट पर चुनावी अभियान का आगाज, भगवान मातंगेश्वर के आशीर्वाद से सभी 29 सीटों पर खिलेगा कमल
webdunia

विकास सिंह

, शुक्रवार, 8 मार्च 2024 (19:58 IST)
खजुराहो। मध्यप्रदेश की हाईप्रोफाइल खजुराहो लोकसभा सीट पर महाशिवरात्रि से चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने मतंगेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन एवं पूजन कर लोकसभा के चुनाव अभियान की शुरुआत की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की सभी 29 सीटें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में आएंगी। प्रदेश की जनता सभी 29 सीटों पर कमल के फूल खिलाएगी। प्रदेश सरकार सभी मंदिरों की व्यवस्थाओं में सुधार तथा उनके पुनरूद्धार के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि खजुराहो के मंदिरों की पूरी दुनिया में अलग पहचान है और इन मंदिरों के लिए ही सारी दुनिया से लोग खजुराहो आते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर चाहे गांव में हो, शहर में हो या जंगल में हो, लेकिन वहां पूजा होती रहे और वो संस्कार के केंद्र बने रहें, इसके लिए हमारी सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान मतंगेश्वर के मंदिर के विकास के लिए जो भी जरूरी काम होंगे, हमारी सरकार करेगी। जब अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर बन सकता है, बनारस में विश्वनाथ कॉरिडोर बन सकता है, उज्जैन में महाकाल महालोक बन सकता है तो फिर खजुराहो में ऐसा काम क्यों नहीं हो सकता? हमारी सरकार सभी मंदिरों के विकास के लिए कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि यहां के सांसद वीडी शर्मा लगातार इस क्षेत्र की चिंता करते रहते हैं। उन्होंने आंधी-पानी से हुए फसलों के नुकसान के बारे में बात की है। हमने इस संबंध में पहले ही कलेक्टर का निर्देश दे दिए हैं और हमारा प्रयास होगा कि किसानों के नुकसान की हरसंभव भरपाई हो जाए।

वहीं खजुराहो लोकसभा में चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा जनता का आशीर्वाद पहले से हमें मिल रहा है और भगवान मतंगेश्वर की कृपा से प्रदेश की सभी 29 सीटें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में आएंगी। प्रदेश की जनता सभी 29 सीटों पर कमल के फूल खिलाएगी। सिर्फ खजुराहो लोकसभा ही नहीं, बल्कि समूचे बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश की जनता का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को मिलता रहा है।

बीते सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने यहां अनेक काम किए हैं और डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार भी लगातार इस क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास कर रही है। भाजपा की डबल इंजन सरकार एक नया मध्यप्रदेश गढ़ने का प्रयास कर रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता विकास के इन प्रयासों को अपना आशीर्वाद देगी और हम सब पार्टी कार्यकर्ता मिलकर जीत का नया इतिहास बनाएंगे, जिसमें कांग्रेस पार्टी और प्रत्याशी कहीं दिखाई नहीं देंगे।



Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Congress Candidates List: राहुल गांधी वायनाड से, राजनांदगांव से भूपेश बघेल, कांग्रेस के 39 उम्मीदवारों की सूची जारी