Publish Date: Fri, 10 May 2024 (12:36 IST)
Updated Date: Fri, 10 May 2024 (12:45 IST)
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा, NDA ने आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाया। लेकिन कांग्रेस वालों ने एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए रात-दिन एक किया था। कांग्रेस के शहजादे के गुरु ने भारत के लोगों पर रंगभेदी टिप्पणी की है, रंग के आधार पर भेद का आरोप लगाया है। जिनका रंग भगवान कृष्ण जैसा होता है उन्हें कांग्रेस अफ्रीकन मानती है, इसलिए द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बने यह उन्हें मंजूर नहीं था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एजेंडा कितना खतरनाक है, शहजादे के गुरु ने इसका भी खुलासा किया है। उन्होंने अमेरिका से कहा है कि राम मंदिर का निर्माण और रामनवमी का उत्सव भारत के विचार के खिलाफ है।
कांग्रेस का हाल चोर मचाए शोर वाला : पीएम मोदी ने कहा कि आरक्षण पर कांग्रेस का हाल चोर मचाए शोर वाला है। धर्म के आधार पर आरक्षण बाबा साहेब की भावना के खिलाफ है, संविधान की भावना के खिलाफ है। लेकिन कांग्रेस का एजेंडा है - दलित, पिछड़े, आदिवासी का आरक्षण छीनकर अपने वोटबैंक को देना! ये महा अघाड़ी, आरक्षण के महाभक्षण का महा अभियान चला रही है। वहीं SC-ST-OBC का आरक्षण बचाने के लिए मोदी आरक्षण के महारक्षण का महायज्ञ कर रहा है।
सिकल सेल एनीमिया के खिलाफ भाजपा की जंग : पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी भाई-बहनों की कभी परवाह नहीं की। आदिवासी इलाकों में सिकल सेल एनीमिया एक बड़ा खतरा रहा है, लेकिन कांग्रेस ने इस बीमारी की तरफ उतना ध्यान ही नहीं दिया। भाजपा ने सिकल सेल एनीमिया को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान चलाया।
आदिवासियों के लिए क्या किया : उन्होंने कहा कि वंचितों, आदिवासियों की सेवा मेरे लिए परिवार के सदस्य की सेवा जैसी है। मैं कांग्रेस के शाही परिवार की तरह बड़े घराने से नहीं निकला हूं। मैं तो गरीबी में ही बड़ा हुआ हूं, मुझे पता है कि यहां आपने कितनी तकलीफ उठाई है। आपके जीवन में भी मुश्किलों का पहाड़ था। कितने ही आदिवासी परिवारों के पास पक्का घर नहीं था। आजादी के 60 साल बाद भी गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी।
उन्होंने कहा कि NDA सरकार ने महाराष्ट्र के 20 हजार से अधिक गांवों में हर घर जल पहुंचाया है। इसमें नंदुरबार के 111 गांव भी शामिल है। अभी तो ये ट्रेलर है, अभी तो मोदी को बहुत कुछ करना है और आपके लिए करना है।
Edited by : Nrapendra Gupta