Publish Date: Sun, 31 Mar 2024 (15:38 IST)
Updated Date: Sun, 31 Mar 2024 (15:46 IST)
Uddhav Thackeray targeted BJP regarding electoral bonds : शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने चुनावी बॉण्ड मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए उसे भ्रष्ट जनता पार्टी बताया और कहा कि उसका असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा के मोदी का परिवार अभियान को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह परिवार का मतलब नहीं समझते, क्योंकि उसके लिए परिवार की जिम्मेदारी लेनी पड़ती है। ठाकरे ने कहा, जब कोरोनावायरस (Coronavirus) कोविड-19 महामारी के दौरान मैं मुख्यमंत्री था तो मैंने संकल्प लिया था कि मेरा परिवार, मेरी जिम्मेदारी है। आपके परिवार में केवल आप और आपकी कुर्सी है।
भाजपा के पास अब कोई असली मुद्दा नहीं : शिवसेना (यूबीटी) नेता ने दावा किया कि भाजपा के पास अब कोई असली मुद्दा नहीं है क्योंकि चुनावी बॉण्ड की जानकारियां सामने आने से उसका नकाब उतर गया है। वह विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की लोकतंत्र बचाओ रैली में भाग लेने दिल्ली आए हैं।
भाजपा सबसे भ्रष्ट पार्टी : उन्होंने कहा, यह सामने आ चुका है कि भाजपा सबसे भ्रष्ट पार्टी है। वह भ्रष्ट जनता पार्टी है। उनका असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। ठाकरे ने उन लोगों का अपनी पार्टी में स्वागत करने के लिए भी भाजपा पर प्रहार किया, जिनके खिलाफ उसने पहले गंभीर आरोप लगाए थे।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भाजपा अलग थी : उन्होंने पूछा, प्रफुल्ल पटेल के खिलाफ किसने आरोप लगाए थे? आदर्श (घोटाले) के बारे में किसने आरोप लगाए थे? जनार्दन रेड्डी और नवीन जिंदल के खिलाफ किसने आरोप लगाए थे? ठाकरे ने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भाजपा अलग थी और वह सिद्धांतों पर चलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब भाजपा भ्रष्ट लोगों के साथ है।
संविधान और लोकतंत्र को बचाना है : लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की पृष्ठभूमि में इंडिया गठबंधन की रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली लोकतंत्र बचाओ रैली को ताकत और विपक्षी एकता का प्रदर्शन करने के तौर पर देखा जा रहा है। बहरहाल, कांग्रेस ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य किसी व्यक्ति की रक्षा करना नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाना है। Edited By : Chetan Gour (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें