Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

चुनावी हिंसा और लू से 7 की मौत

Advertiesment
हमें फॉलो करें लोकसभा चुनाव
नई दिल्ली (भाषा/वेबदुनिया) , शुक्रवार, 8 मई 2009 (09:40 IST)
लोकसभा चुनाके चौथे चरण के लिए गुरुवार को हुए मतदान में हिंसा के अलावा लू लगने के कारण 7 लोगों की मौत हो गई। चार व्यक्ति पश्चिम बंगाल में मारे गए, जबकि उत्तरप्रदेश, राजस्थान और पंजाब में 1-1 व्यक्ति को जान से हाथ धोना पड़ा।

कोलकाता से प्राप्त समाचार के अनुसार विदेशमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज प्रणब मुखर्जी के संसदीय क्षेत्र जंगीपुर में मतदान के दौरान हिंसक घटनाएँ हुईं। माकपा का एक कार्यकर्ता काशीनाथ मंडल बम हमले में मारा गया।

पुलिस अधीक्षक बीएल मीणा ने बताया कि मंडल एरोली गाँव में वोट डालने के बाद घर वापस लौट रहा था, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर बम से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बर्दवान जिले के आसनसोल लोकसभा क्षेत्र में सशस्त्र लोगों ने कन्यापुर में एक बूथ पर बम फेंके और गोलियाँ चलाईं, जिससे वोट डालने आए एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन पुलिसकर्मियों सहित आठ लोग घायल हुए। इस घटना के बाद मतदान रोक देना पड़ा।

पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) राज कनोजिया ने बताया कि इस घटना के बाद क्रुद्ध भीड़ ने वहाँ खड़े वाहनों और कुछ मकानों में आग लगा दी। उन्होंने बताया कि त्वरित कार्य बल ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। हालात अब नियंत्रण में हैं।

इस बीच पूर्वी मिदनापुर जिले में कांति लोकसभा क्षेत्र में वोट डालने आए दो मतदाताओं की लू लगने से मौत हो गई।

लू लगने से मतदाता की मौत : मैनपुरी से समाचार है कि यहाँ के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने गए एक 55 वर्षीय व्यक्ति की लू लगने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने कहा कि करहल ब्लॉक के गड़िया भदोल मतदान केंद्र पर कतार में खड़े रामतीरथ यादव गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर गए और उसकी मृत्यु हो गई। स्थानीय नागरिकों ने मतदान केंद्र पर छाया के बंदोबस्त की कमी का आरोप लगाया है।

सीआईएसएफ के जवान ने चलाई गोली : जयपुर के सवाई माधोपुर जिले के मलाना डूंगर थाना क्षेत्र के ओलवा मतदान केन्द्र पर फर्जी मतदान के प्रयास को नाकाम करने के लिए केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) जवान द्वारा चलाई गोली से एक व्यक्ति मारा गया और एक अन्य घायल हो गया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) कन्हैयालाल बैरवा ने बताया कि सीआईएसएफ जवान ने मतदान केन्द्र पर फर्जी मतदान करने आए लोगों को भगाने के लिए हवा में गोली चलाई, लेकिन इसके बावजूद असामाजिक तत्वों के आगे बढ़ने पर जवान को गोली चलानी पड़ी, जिससे एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक अन्य घायल हो गया। मरने वाले का नाम नेतराम मीणा बताया गया है।

बैरवा के अनुसार घायल को सवाई माधोपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहाँ उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। उन्होंने बताया कि इस वारदात के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस फाइरिंग में एक की मौत : फिरोजपुर (पंजाब) के समीप इटावाल नामक स्थान पर मतदान के दौरान पुलिस फाइरिंग में एक मतदाता की मौत हो गई। इसके बाद वहाँ मतदान रोक दिया गया। इस घटना के बाद आसपास के गाँवों में अकाली और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई।

श्रीनगर में पेट्रोल बम फेंका : श्रीनगर के एक मतदान केन्द्र पर पेट्रोल बम से हमला करने के कारण एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। हरियाणा के भिवानी में भी शराब पीकर हिंसा किए जाने के समाचार मिले हैं। इसी तरह मथुरा में बसपा उम्मीदवार के भाई को गुंडागर्दी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया गया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi