Dharma Sangrah

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

38 उम्मीदवारों के पास नहीं है पैन

Advertiesment
हमें फॉलो करें लोकसभा चुनाव
मुंबई , सोमवार, 27 अप्रैल 2009 (14:06 IST)
-चन्द्रकांत शिंदे
महाराष्ट्र में तीसरे और अंतिम चरण में मुंबई, ठाणे, भिवंडी, पालघर और कल्याण चुनाव क्षेत्र में 30 अप्रैल को चुनाव होने जा रहे हैं। इन सभी क्षेत्रों में कुल 196 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 40 फीसदी यानी 79 उम्मीदवारों ने अपना पैन कार्ड नंबर हलफनामे में दर्ज नहीं किया है। इनमें से 38 के पास पैन कार्ड ही नहीं है।

बाकी 31 उम्मीदवार मुंबई के हैं जिनमें ज्यादातर निर्दलीय हैं। लेकिन उल्लेखनीय है कि सपा की ओर से लड़ रहे दो उम्मीदवारों ने भी अपना पैन कार्ड नंबर नहीं दिया है जिनमें 122 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक अबू आसिम आजमी भी शामिल हैं।

आपराधिक छवि वालों को लगभग सभी पार्टियों ने अपना उम्मीदवार बनाया है। इनमें सबसे ज्यादा उम्मीदवार बसपा के हैं। बसपा के कुल 10 उम्मीदवारों में से 6 उम्मीदवार आपराधिक छवि वाले हैं। उसके बाद शिवसेना के 5 में से 4 उम्मीदवार आपराधिक छवि वाले हैं तो भाजपा के भी 5 में से 3 उम्मीदवार आपराधिक छवि वाले हैं जिनमें राम नाईक का भी नाम शामिल है। राम नाईक पर आईपीसी की धारा 143, 145, 147, 149, 427, 504, 506 के साथ ही मुंबई पुलिस कानून 135 के तहत 37 (3), 37 (1) (2) (3) मामले दर्ज हैं।

कांग्रेस के 7 उम्मीदवारों में से सिर्फ 1 आपराधिक छवि वाले हैं और वे हैं संजय निरुपम। संजय निरुपम पर आईपीसी की धारा 500, 501 के तहत मामले दर्ज हैं। मनसे के 9 में से 4 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं तो एनसीपी के 3 में से 2 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सपा के 4 में से 2 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। भिवंडी में सबसे ज्यादा 16 में से 8 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

करोड़पतियों के मामले में कांग्रेस के 7 में से 6 उम्मीदवारों की संपत्ति 1 करोड़ रुपए से ज्यादा है। भाजपा के 5 में से 4 उम्मीदवार, बसपा के 10 में से 6, मनसे के 9 में से 8, शिवसेना के 5 में से 4, सपा के 4 में से 3 और एनसीपी के 3 में से 2 उम्मीदवार करोड़पति हैं। मुंबई उत्तर में सबसे ज्यादा यानी 8 उम्मीदवारों की संपत्ति एक करोड़ से ज्यादा है तो उत्तर पश्चिम में 6 उम्मीदवार, मुंबई दक्षिण में ५ उम्मीदवार, उत्तर मध्य में 4, उत्तर पूर्व में 3 और दक्षिण मध्य में ५ उम्मीदवार करोड़पति हैं। कल्याण में 3, पालघर में 1 और ठाणे में 6 उम्मीदवार करोड़पति हैं। मुंबई में कुल 31 करोड़पति चुनाव मैदान में उतरे हैं।

मुंबई उत्तर में बसपा के उम्मीदवार लखमेंद्र खुराना सबसे रईस यानी 8.24 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। भाजपा के उम्मीदवार राम नाईक की संपत्ति 2.91 करोड़ रुपए है तो उनके प्रमुख विरोधी कांग्रेस के संजय निरुपम की संपत्ति 2.24 करोड़ रुपए की है। मनसे के शिरीष पारकर की संपत्ति 2.03 करोड़ रुपए है। मुंबई उत्तर मध्य में कांग्रेसी उम्मीदवार प्रिया दत्त की कुल संपत्ति 34.96 करोड़ रुपए है तो उनके मुख्य विरोधी भाजपा के महेश जेठमलानी की संपत्ति 14.09 करोड़ रुपए है। बसपा के इब्राहीम शेख की कुल संपत्ति 25.7 करोड़ रुपए है।

उत्तर पूर्व में भाजपा के किरीट सोमैया की संपत्ति 4.79 करोड़ रुपए है तो उनके विरोधी एनसीपी उम्मीदवार संजय पाटिल की 43.24 लाख रुपए। उत्तर पश्चिम में सबसे पैसेवाले उम्मीदवार हैं सपा के अबू आसिम आजमी जिनकी कुल संपत्ति 122 करोड़ रुपए से ज्यादा है। कांग्रेस के उम्मीदवार गुरुदास कामत की संपत्ति 10 करोड़ रुपए है तो शिवसेना के गजानन कीर्तिकर की सवा दो करोड़ रुपए।

मुंबई दक्षिण में कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा की संपत्ति 17.54 करोड़ रुपए है तो शिवसेना के मोहन रावले की संपत्ति 54.33 लाख रुपए। मुंबई दक्षिण मध्य में शिवसेना के उम्मीदवार सुरेश गंभीर की संपत्ति 18.05 करोड़ रुपए है और कांग्रेस के मौजूदा सांसद उम्मीदवार एकनाथ गायकवाड़ की कुल संपत्ति 30.88 लाख।

ठाणे में एनसीपी के उम्मीदवार संजीव नाईक की संपत्ति 3.04 करोड़ रुपए है जबकि शिवसेना के विजय चौगुले की 1.52 करोड़ रुपए। कल्याण में शिवसेना के उम्मीदवार प्रकाश परांजपे की कुल संपत्ति 1.2 करोड़ रुपए। एनसीपी के वसंत डावखरे की कुल संपत्ति 7.24 करोड़ रुपए है। पालघर में कांग्रेस के दामोदर शिंगड़ा की संपत्ति 1.02 करोड़ रुपए है और उनके मुख्य विरोधी भाजपा के चिंतामण वनगा की संपत्ति सिर्फ 1.22 लाख रुपए है। भिवंडी में कांग्रेस के सुरेश टावरे की संपत्ति 10.9 करोड़ रुपए है। भाजपा के जगन्नाथ पाटिल की संपत्ति 3.04 करोड़ रुपए है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi