Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

आहत सियासत को सितारों ने दी राहत

Advertiesment
हमें फॉलो करें लोकसभा चुनाव
मुम्बई (भाषा) , गुरुवार, 30 अप्रैल 2009 (09:26 IST)
राजनीतिक दलों को चुनाव प्रचार के लिए होने वाली रैलियों और सभाओं में लोगों की भीड़ जुटाने में हमेशा से एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा है। इस बार सूरसियासदलोआहरखहैप्रचंड गर्मी के प्रकोप ने पार्टियों का काम और भी मुश्किल कर दिया है।

हालाँकि मुश्किल दौर में राजनीति को बॉलीवुड की ठंडी बयार का साथ भी मिलता रहा है। यही वजह है कि कहीं दल अपने प्रचार अभियान में चमक लाने के लिए फिल्मी दुनिया के सितारों की मदद लेते हैं तो कई बार चकाचौंध को वोट में तब्दील करने की कोशिश के तहत उन्हें चुनाव का टिकट दे दिया जाता है।

एक ओर जहाँ ज्यादातर फिल्मी सितारे खुद को प्रचार अभियान तक सीमित रखना चाहते हैं, वहीं उनमें से कई फिल्म स्टार चुनाव मैदान में किस्मत भी आजमाते हैं।

फिल्मी दुनिया में शॉटगन के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा के टिकट पर पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं विनोद खन्ना इसी पार्टी से गुरदासपुर से मैदान में हैं।

अभिनेता और समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद राज बब्बर कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में फतेहपुर सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। इस चुनाव में अभिनेता बनाम अभिनेता की टक्कर भी देखने को मिल रही है। ऐसा मुकाबला पटना साहिब सीट से शेखर सुमन और शत्रुघ्न सिन्हा के बीच हो रहा है।

अभिनेता संजय दत्त का लोकसभा चुनाव लड़ने का सपना हालाँकि उच्चतम न्यायालय के शस्त्र अधिनियम के तहत उन्हें सुनाई गई छह साल की सजा पर रोक लगाने की याचिका को खारिज करने के साथ ही चकनाचूर हो गया, लेकिन सपा ने उन्हें पार्टी का महासचिव बनाकर भरपाई की कोशिश की। संजय अब सपा प्रत्याशियों के पक्ष में जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं।

सलमान खान तो इस चुनाव में स्टार प्रचारकों के लिए एक नई रेखा खींचते नजर आ रहे हैं। वे लगभग हर प्रमुख पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर चुके हैं और उनकी सभाओं में व्यापक भीड़ भी जुट रही है।

सलमान ने महाराष्ट्र में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार किया तो वे गुरदासपुर में भाजपा उम्मीदवार विनोद खन्ना के लिए वोट माँगते नजर आए। उन्होंने मुम्बई में मिलिंद देवड़ा और प्रिया दत्त के लिए भी प्रचार किया। उनके सांसद मित्र गोविन्दा ने कल्याण क्षेत्र में राकांपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट माँगे।

इस बार चुनाव प्रचार में जिन फिल्मी सितारों का ग्लैमर दिख रहा है, उनमें रवीना टंडन, चंकी पांडे, जितेंद्र, भाग्यश्री, सुनील शेट्टी, रजा मुराद, नगमा, उर्मिला मातोंडकर और महिमा चौधरी भी प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन सभी ने महाराष्ट्र में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन के लिए चुनाव प्रचार किया।

इस बार चुनाव में बॉलीवुड के दखल का एक और स्वरूप सामने आया है। कुछ फिल्मी हस्तियों ने चुनाव प्रचार करने या चुनाव लड़ने के बजाय मानो मतदाताओं को जागरूक करने का बीड़ा उठा रखा है। इस मामले में अभिनेता आमिर खान का नाम प्रमुख है।

उधर, निर्माता निर्देशक करण जौहर ने फिल्म उद्योग के युवा अभिनेताओं को लेकर एक फिल्म तैयार की है जिसमें नौजवान पीढ़ी के मतदाताओं से वोट डालने की अपील की गई है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi