विभिन्न समाचार चैनलों के एक्जिट पोल में 15वीं लोकसभा में कांग्रेस की अगुवाई वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर बढ़त बताई गई है, वहीं तीसरा मोर्चा तीसरे नंबर पर है। एक्जिट पोल में सीटों और वास्तविक नतीजों में आमतौर पर काफी उलटफेर होता रहा है।जहाँ न्यूज एक्स समाचार चैनल और एसी नीलसन के एक्जिट पोल के अनुसार संप्रग को 199 सीटें मिलेंगी, जिनमें से 155 कांग्रेस की होंगी। वहीं राजग को 191 सीटें मिलेंगी, जिनमें से भाजपा की 153 सीटें हो सकती हैं। |
न्यूज एक्स चैनल के एक्जिट पोल में तीसरे मोर्चे को 104 सीटों और अन्य को 48 सीटें मिलने का अनुमान है |
|
|
हेडलाइंस टुडे के एक्जिट पोल में कांग्रेस और उसके सहयोगियों को 191 सीटें और भाजपा नीत गठबंधन को इससे 11 सीटें कम यानी 180 सीटें मिलने का अंदाज लगाया गया है।
हेडलाइंस टुडे के चुनाव बाद सर्वेक्षण के अनुसार पिछली लोकसभा में संप्रग सरकार की मदद करने वाले वाम मोर्चे की सीटें इस बार 60 से घटकर 38 रह जाने का अनुमान है।
इंडिया टीवी के मुताबिक संप्रग की सीटें 195 से 227 के बीच रहने का अनुमान है। इनमें से राष्ट्रीय जनता दल, लोजपा और समाजवादी पार्टी की 32 सीटें शामिल हैं। इस चैनल ने राजग को 189 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
यूटीवी-आई चैनल ने संप्रग को 195 और सपा, लोजपा और राजद को मिलाकर 227 सीटों का अंदाज लगाया है। वहीं राजग को 189 सीटें मिलने का अनुमान है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 145 और भाजपा को 138 सीटें मिली थीं।
हालाँकि राजनीतिक दलों के अपने सर्वेक्षणों में अपनी ढपली-अपनी राग अलापा गया है। न्यूज 24 के मुताबिक कांग्रेस के अपने सर्वेक्षण में राजग की 194 सीटों के मुकाबले खुद को 218 सीटें मिलने का अंदाजा लगाया गया है। वहीं भाजपा ने अपने सर्वेक्षण में संप्रग की 170 सीटों के मुकाबले खुद को 215 सीटों पर बताया है।
जहाँ तक तीसरे मोर्चे का सवाल है, न्यूज एक्स चैनल के एक्जिट पोल में तीसरे मोर्चे को 104 सीटों और अन्य को 48 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं हेडलाइंस टुडे ने इस मोर्चे को 100 से कुछ ज्यादा, इंडिया टीवी ने 113, कांग्रेस ने अपने सर्वेक्षण में 101 और भाजपा ने 125 सीटें मिलने का अंदाज लगाया है।
चौथे मोर्चे की बात करें तो पिछले चुनाव में जहाँ सपा को 36, राजद को 24 और लोजपा को चार सीटें यानी कुल मिलाकर 64 सीटें मिली थीं, इस बार के लगभग सभी एक्जिट पोल में इन दलों की सीटें घटकर लगभग आधी रह जाने का अनुमान लगाया गया है।
न्यूज एक्स ने अपने सर्वेक्षण में चौथे मोर्चे को 36 सीटें दी हैं। इनमें से सपा को 26, लालू नीत राजद को आठ और रामविलास पासवान की लोजपा को दो सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं इंडिया टीवी, हेडलाइंस टुडे और यूटीवी-आई तीनों ही चैनलों के एक्जिट पोल में इस चौथे मोर्चे को कुल 32 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। चौथे मोर्चे को अपने सर्वेक्षणों में भाजपा ने 33 और कांग्रेस ने 30 सीटें दी हैं।
न्यूज एक्स के एक्जिट पोल के अनुमानों के अनुसार संप्रग के घटक दलों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को नौ, द्रमुक को 15, तृणमूल कांग्रेस को 12, राजद को आठ और रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी को दो सीटें मिलने का अंदाज है।
दूसरी ओर राजग की 191 संभावित सीटों में भाजपा को 153 लोकसभा क्षेत्रों में विजयी बताया गया है। पिछली बार भाजपा को 138 सीटें मिली थीं। राजग के सहयोगी दलों में जनता दल (यूनाइटेड) को 17, शिवसेना को नौ, अजीतसिंह के राष्ट्रीय लोकदल को तीन और असम गण परिषद को चार सीटें मिलने का अनुमान है।
न्यूज एक्स के एक्जिट पोल के अनुसार तीसरे मोर्चे को 104 सीटों और अन्य को 48 सीटें मिलने का अनुमान है। सर्वेक्षण के मुताबिक माकपा को इन चुनावों में तगड़ा झटका लग सकता है। पिछली बार की 43 सीटों की तुलना में माकपा के पास 25 सीटें रह जाने का अंदाज है। बीजू जनता दल को 10 सीटें मिलने का अनुमान है।
बसपा को पिछली बार की 19 सीटों की तुलना में इस बार 28 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं उसकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी की सीटें राष्ट्रीय स्तर पर पिछली बार की 36 सीटों की तुलना में घटकर इस बार 26 रह जाने का अंदाज है।
टाइम्स नाउ चैनल ने अंग्रेजी दैनिक टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुमानों के अनुसार दर्शाया कि संप्रग को 198 सीटें मिलेंगी, जिनमें कांग्रेस की 154 सीटें शामिल रहेंगी। वहीं राजग को 183 सीटें मिलने का अनुमान है। इनमें से भाजपा के खाते में 142 सीटें जा सकती हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुमान के मुताबिक तीसरे मोर्चे को 112 सीटें मिलने की संभावना है, जिनमें वामदलों की हिस्सेदारी 38 सीटों की रह सकती है। अन्य दलों को करीब 50 सीटें मिलने का अनुमान है।
स्टार न्यूज चैनल ने एसी नेल्सन के एक्जिट पोल के आधार पर दर्शाया कि संप्रग को 199 सीटें मिलेंगी, जिनमें से 155 कांग्रेस की होंगी। वहीं राजग को 196 सीटें मिलेंगी, जिनमें भाजपा की 153 सीटें हो सकती हैं। स्टार न्यूज के मुताबिक तीसरे मोर्चे को 100 और अन्य दलों को 48 सीटें मिलने का अनुमान है।