प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह और उनकी पत्नी गुरुशरण कौर ने गुरुवार को गुवाहाटी संसदीय सीट के एक मतदान केन्द्र पर अपना मत डाला।
सिंह और उनकी पत्नी सुबह करीब 11 बजे गोपीनाथ बोरदोलई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुँचने के बाद हेलिकॉप्टर से खानपारा रवाना हुए।
कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच वे सीधा दिसपुर राजकीय उच्च विद्यालय स्थित मतदान केन्द्र संख्या 156 पर मतदान के लिए रवाना हुए। वहाँ उन्होंने 11 बजकर 40 मिनट पर मतदान किया।
असम से राज्यसभा के सदस्य मनमोहनसिंह की मतदाता संख्या 726, जबकि उनकी पत्नी की मतदाता संख्या 727 थी। मतदान करने के बाद वे वापस हेलीपैड गए और वापस दिल्ली रवाना हो गए।
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2004 के आम चुनावों और वर्ष 2006 के विधानसभा चुनावों में असम आकर मतदान नहीं किया था।