Festival Posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मनमोहन ने माया सरकार को कोसा

Advertiesment
हमें फॉलो करें उत्तर प्रदेश की बसपा सरकार
कानपुर (भाषा) , शुक्रवार, 24 अप्रैल 2009 (21:59 IST)
उत्तर प्रदेश की बसपा सरकार पर कड़े प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि देश के सबसे बड़े राज्य का विकास केवल इसलिए नहीं हो पा रहा है क्योंकि केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रदेश सरकार सही तरीके से लागू नहीं कर रही है और अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का पैसा खर्च ही नहीं हो पाया है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश की कानून व्यस्था की स्थिति भी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार विकास के साथ राजनीति नहीं करती है लेकिन आज उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहाँ की कानून व्यवस्था खराब है और सरकारी अधिकारी डरे हुए है कि कहीं उनका तबादला न हो जाए।

कानपुर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी श्रीप्रकाश जायसवाल और अकबरपुर के लोकसभा प्रत्याशी राजाराम पाल के समर्थन में शहर के मोतीझील मैदान में चुनावी सभा करने आए प्रधानमंत्री सिंह ने उप्र सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 88 हजार शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और तो और सरकारी स्कूलों में शौचालय (टायलेट) तक की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पायी है।

उन्होंने केन्द्र सरकार की उपलब्धियाँ गिनाते हुए कहा कि संप्रग सरकार की नीतियों के चलते ही आज उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के ग्रामीणों को कम से कम 100 दिन रोजगार मिल रहा है और इससे प्रदेश के 35 लाख परिवारों को लाभ मिल रहा है।

मनमोहन ने कहा कि केन्द्र सरकार देश के सभी गाँवों को सड़कों से जोड़ रही है तथा गाँवों में पीने के पानी की व्यवस्था हो इसका इंतजाम कर रही है। हम यह भी चाहते हैं कि हमारे सभी ग्रामीण भाइयों के पास अपना मकान हो और इसके तहत उत्तर प्रदेश में ही करीब साढ़े छह लाख मकान ग्रामीणों के लिए बनाए गए है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi