Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मप्र में भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री मोदी, शाह और योगी शामिल, उमा भारती का नाम गायब

हमें फॉलो करें Narendra Modi
भोपाल , शुक्रवार, 27 अक्टूबर 2023 (23:09 IST)
List of 40 star campaigners of BJP : अगले महीने होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम शामिल हैं। हालांकि मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का नाम सूची से गायब है।
 
मध्य प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा ने शुक्रवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल, नरेंद्र सिंह तोमर, भूपेन्द्र यादव, फग्गन सिंह कुलस्ते, अर्जुन मुंडा के अलावा अन्य लोग भी सूची में हैं।
 
इसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, भाजपा नेता मनोज तिवारी और मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हैं। हालांकि मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का नाम सूची से गायब है। कई लोगों का मानना है कि भारती ने 2003 में राज्य में भाजपा को सत्ता में पहुंचाया था। तब से (दिसंबर 2018 से मार्च 2020 तक की अवधि को छोड़कर जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी) भगवा पार्टी राज्य में शासन कर रही है।
webdunia
स्टार प्रचारकों की सूची में अपना नाम गायब होने के बारे में उमा भारती ने टीकमगढ़ जिले में कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान को ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ (प्रचार करने के लिए) दी है। उन्होंने कहा, अगर वह (चौहान) चाहें तो पार्टी के लिए मेरी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
webdunia
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अगले साल होने वाला लोकसभा चुनाव लड़ेंगी तो तेजतर्रार नेता ने कहा कि यह सवाल भाजपा प्रमुख नड्डा से पूछा जाना चाहिए। पिछले साल भारती ने राज्य में शराब की दुकानों के खिलाफ अभियान चलाया था, जिससे भाजपा सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई थी।
 
भाजपा के सूत्रों ने कहा कि राज्य में पार्टी के लगभग सभी उम्मीदवारों ने अनुरोध किया है कि प्रधानमंत्री मोदी, शाह और आदित्यनाथ को चुनाव प्रचार के लिए उनके निर्वाचन क्षेत्रों में भेजा जाए। मप्र में 230 सदस्‍यीय राज्य विधानसभा के लिए चुनाव 17 नवंबर को होंगे।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

TelanganaElections : तेलंगाना में कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, पूर्व क्रिकेटर अजहरुद्दीन जुबली हिल्स से लड़ेंगे चुनाव