Publish Date: Mon, 25 Sep 2023 (22:20 IST)
Updated Date: Mon, 25 Sep 2023 (23:41 IST)
bjp announces 2nd list for assembly election 2023 : मध्यप्रदेश में सत्ता में बरकरार रहने के लिए पुरजोर कोशिश में जुटी भाजपा ने आज रात 39 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। इसमें अनेक चौंकाने वाले नाम भी सामने आए हैं। पार्टी ने 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इस सूची में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है।
इसके अलावा जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, सतना से गणेश सिंह, सीधी से श्रीमती रीति पाठक और गाडरवारा से राव उदय प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। ये चारों प्रत्याशी वर्तमान में क्रमश: जबलपुर, सतना, सीधी और होशंगाबाद क्षेत्र से सांसद हैं।
भाजपा ने कुछ समय पहले 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। इसमें अनेक नए चेहरों पर भरोसा जताया गया था। इन सभी 39 सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पराजय का सामना किया था। इसी तरह आज घोषित 39 सीटों में से अधिकांश पर भाजपा को 2018 के पिछले चुनाव में पराजय का स्वाद चखना पड़ा था।
दिसंबर में हो सकते हैं चुनाव : राज्य में सभी 230 सीटों पर विधानसभा चुनाव नवंबर दिसंबर माह में होने की संभावना है। माना जा रहा है कि अक्टूबर माह में विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है। भाजपा की मौजूदा सरकार को लेकर कथित सत्ताविरोधी रुझान (एंटी इंकंबेंसी फैक्टर) के चलते पार्टी प्रत्याशियों की दूसरी सूची काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कौन हैं सूची में शामिल : सूची के अनुसार श्योपुर से दुर्गालाल विजय, मुरैना से रघुराज कंसाना, लहार से अमरीश शर्मा गुड्डू, भितरवार से मोहन सिंह राठौर, डबरा (अजा) से श्रीमती इमरती देवी, सेवढ़ा से प्रदीप अग्रवाल, करैरा (अजा) से रमेश खटीक, राघौगढ़ से हिरेंद्र सिंह बंटी बना, देवरी से बृजबिहारी पटेरिया और राजनगर से अरविंद पटेरिया को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
मैहर से श्रीकांत चतुर्वेदी, सिंहावल से विश्वामित्र पाठक, कोतमा से दिलीप जायसवाल, डिंडोरी (अजजा) से पंकज टेकाम, कटंगी से गौरव पारधी और जुन्नारदेव (अजजा) से नत्थन शाह पर दाव लगाया गया है।
कमलनाथ को टक्कर देंगे साहू : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से भाजपा नेता विवेक बंटी साहू को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा परासिया (अजा) से श्रीमती ज्योति डहेरिया, घोड़ाडोंगरी (अजजा) से गंगाबाई उइके, उदयपुरा से नरेश शिवाजी पटेल और खिलचीपुर से हजारीलाल दांगी को चुनावी दंगल में उतारने का निर्णय हुआ है।
आगर (अजा) से मधु गेहलोत, शाजापुर से अरुण भीमावत, भीकनगांव (अजजा) से नंदा ब्राह्मणे, राजपुर (अजजा) से अंतर सिंह पटेल, पानसेमल (अजजा) से श्याम बर्डे, थांदला (अजजा) से कल सिंह भांवर, गंधवानी (अजजा) से सरदार सिंह मेड़ा और देपालपुर से मनोज पटेल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र से श्री कैलाश विजयवर्गीय को प्रत्याशी बनाया गया है। दिग्गज नेताओं में शुमार इंदौर के पूर्व महापौर विजयवर्गीय राज्य में मंत्री भी रह चुके हैं और वे इंदौर जिले से पहले भी कई दफा चुनाव जीत चुके हैं। नागदा खाचरोद से डॉ. तेजबहादुर सिंह और सैलाना (अजजा) से संगीता चारेल चुनाव मैदान में रहेंगी।
राजनीतिक सर्जिकल स्ट्राइक : भाजपा की दूसरी सूची में अनेक चौंकाने वाले नाम आने के बीच प्रदेश भाजपा के मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि यह भाजपा की कांग्रेस पर ''राजनीतिक सर्जिकल स्ट्राइक'' है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में विजय हासिल करने के लिए पूरी ताकत और योजना के साथ मैदान में है।
13 सितंबर को समिति की हुई थी बैठक : भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक गत 13 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई थी। बैठक में पीएम नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। इस बैठक में भाजपा की दूसरी सूची को हरी झंडी दी गई।
webdunia
Publish Date: Mon, 25 Sep 2023 (22:20 IST)
Updated Date: Mon, 25 Sep 2023 (23:41 IST)