Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

इंदौर में ज्यादातर सीटों पर काँटे की टक्कर

Advertiesment
हमें फॉलो करें इंदौर में ज्यादातर सीटों पर काँटे की टक्कर
इंदौर (भाषा) , बुधवार, 26 नवंबर 2008 (16:23 IST)
मध्यप्रदेश में 27 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में इंदौर के पंद्रह लाख से ज्यादा मतदाता 85 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए पुलिस व प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।

जिले की नौ सीटों से उतरे उम्मीदवारों में नए और पुराने दोनों चेहरे शामिल हैं। प्रचार के दौरान उम्मीदवारों की ओर से जीत के दमदार दावों के बावजूद जिले की ज्यादातर सीट पर काँटे की टक्कर का अनुमान है।

महू सीट से लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और क्षेत्र क्रमांक पाँच से प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शोभा ओझा की प्रतिष्ठा दाँव पर मानी जा रही है।

विजयवर्गीय पिछले विधानसभा चुनाव में इंदौर के क्षेत्र क्रमांक-दो से जीतकर विधानसभा पहुँचे थे। भाजपा ने इस सीट से उनके कट्टर समर्थक रमेश मेंदोला को टिकट दिया है।

महू में लोक निर्माण मंत्री का मुकाबला कांग्रेस के अंतरसिंह दरबार से है। दरबार फिलहाल इसी सीट से विधायक हैं। उधर, शहर के क्षेत्र क्रमाँक पाँच से विधायक बनने की चाह लिए शोभा एक बार फिर भाजपा के महेंद्र हार्डिया से भिड़ेंगी।

हार्डिया ने वर्ष 2003 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष को जबर्दस्त पटखनी दी थी। इसके अलावा नवगठित राऊ सीट और शहर के क्षेत्र क्रमाँक तीन में छिड़े चुनावी युद्ध पर भी लोगों की खास निगाह है।

राऊ से प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी और क्षेत्र क्रमाँक तीन से भाजपा के व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा मैदान में हैं। इनका मुकाबला क्रमशः भाजपा के जीतू जीराती और कांग्रेस के अश्विन जोशी से है। जोशी शहर के क्षेत्र क्रमाँक-3 से विधायक हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi