मुंबई में बुधवार की रात हुए आतंकवादी हमले का क्या मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम पर कोई असर होगा। यह सवाल राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचिव और सांसद प्रभात झा ने आतंकवादियों के इस हमले को देश पर हमला बताते हुये आरोप लगाया कि यह केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) और महाराष्ट्र सरकार की असफलता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर कोई राजनीति करना नहीं चाहती है लेकिन देश की जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति के परिणामस्वरूप ही इस तरह की घटनाएँ हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब जनता स्वयं जवाब देगी।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मानक अग्रवाल ने भी आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह के आतंकवाद से पूरा विश्व जूझ रहा है। केंद्र की संप्रग सरकार आतंकवाद से निपटने के लिए सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव परिणाम पर मुंबई की घटना का कोई असर नहीं होगा।
वहीं राजनीतिक पर्यवेक्षक मानते हैं कि मुंबई की घटना का असर शहरी और नगरीय क्षेत्रों में पड सकता है। यहाँ के नागरिक इस घटना को आतंकवाद से निपटने में असफलता के रूप में देख सकते हैं। इसके चलते इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि चुनाव परिणाम इससे प्रभावित नहीं होंगे।