Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

7 सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा को भी गंवानी पड़ी जमानत

-रामस्वरूप मूंदड़ा

हमें फॉलो करें 7 सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा को भी गंवानी पड़ी जमानत
, शनिवार, 2 नवंबर 2013 (17:17 IST)
FILE
2008 के चुनावों में 143 सीट जीतकर सरकार बनाने वाली भाजपा को 85 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। इनमें भी 7 प्रत्याशी ऐसे रहे जो हारे तो हारे, अपनी जमानत तक भी नहीं बचा सके। इन 7 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी कहीं तीसरे तो कहीं चौथे स्थान पर पहुंच गया।

इन सीटों में पहली है जौरा सीट। यहां बीएसपी के मनीराम धाकड़ 36,485 मत प्राप्त कर विजयी हुए। उनके निकटतम कांग्रेस के वृंदावन सिंह (27,890) रहे। भाजपा के उम्मीदवार 17,610 मत ही प्राप्त कर सके और उन्हें अपनी जमानत से हाथ धोना पड़ा।

भिंड में भी भाजपा प्रत्याशी का हश्र यही हुआ। यहां कांग्रेस के राकेश सिंह 34,602 मत प्राप्त कर विजयी हुए। भाजपा प्रत्याशी यहां भी तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें मात्र 13,748 मत हासिल हुए और वे जमानत भी नहीं बचा सके। लेकिन वर्तमान में इस सीट का परिदृश्य बदल चुका है। कांग्रेस के राकेश सिंह भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

लहार विधानसभा में भाजपा की स्थिति काफी दयनीय हो गई थी। यहां कांग्रेस के गोविन्द सिंह 57,745 मत प्राप्त कर जीते। उन्होंने बीएसपी के उम्मीदवार को 4,878 मतों से हराया। भाजपा की मुन्नी त्रिपाठी को मात्र 2,918 मत मिल सके। यहां भाजपा को प्रदेश में सबसे कम वोट मिले।

पिछोर में भाजश उम्मीदवार भैया साहब लोधी ने भाजपा की जमानत जब्त करवा दी हालांकि जीते वे भी नहीं। फायदा कांग्रेस को मिला जिसके उम्मीदवार 55,081 मत प्राप्त कर विजयी हुए और भाजपा उम्मीदवार को 22,117 मत ही मिल पाए।

टीकमगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती खुद मैदान में थीं। यहां उनकी जीत का रास्ता भाजपा के अखंड दादा ने रोक दिया लेकिन उन्हें इसके लिए अपनी जमानत कुरबान करना पड़ी।

उमा भारती यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार से 9,828 मतों से खेत रहीं और अखंड दादा को 11,286 मत मिले। राजनगर विधानसभा सीट से भाजपा के कुं. विजय बहादुर सिंह 16,726 मत प्राप्त करने के बाद भी जमानत नहीं बचा पाए।

मलहरा से भाजश की रेखा ने सभी चक्रव्यूह तोड़कर विजयश्री हासिल की और इसके हश्र में भाजपा के कपूरचंद्र घुवारा (15,022) को अपनी जमानत गंवाना पड़ी। इस चुनाव में इन सीटों पर भाजपा का प्रदर्शन उत्सुकता का विषय रहेगा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi