भोपाल। बड़वानी के कलेक्टर अजय सिंह गंगवार को सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सराहना करना खासा महंगा पड़ गया। गंगवार को भोपाल में सचिवालय में उपसचिव के तौर पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश के जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने कहा, राज्य सरकार ने बड़वानी के जिला कलेक्टर गंगवार का भोपाल में मंत्रालय में उपसचिव के तौर पर स्थानांतरण कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि गंगवार ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा था कि मुझे उन गलतियों का पता होना चाहिए, जो नेहरू को नहीं करनी चाहिए थीं। क्या यह उनकी गलती है कि उन्होंने हमें 1947 में हिन्दू तालिबानी राष्ट्र बनने से रोका। क्या आईआईटी, इसरो, बार्क, आईआईएसबी, आईआईएम खोलना उनकी गलती है? क्या यह उनकी गलती है कि उन्होंने आसाराम और रामदेव जैसे बुद्धिजीवियों की जगह होमी जहांगीर का सम्मान किया?
सरकारी अधिकारी के मुताबिक यह फेसबुक पोस्ट शीर्ष अधिकारियों को रास नहीं आई, क्योंकि यह सेवा नियमों का 'उल्लंघन' था जिसके बाद एक शुरुआती जांच की गई और गंगवार का तबादला कर दिया गया।