Publish Date: Tue, 08 Jan 2019 (11:14 IST)
Updated Date: Tue, 08 Jan 2019 (11:20 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में विभिन्न ट्रेड यूनियनों की हड़ताल के चलते आज और कल दो दिन सभी राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों में कामकाज प्रभावित होगा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक वीके शर्मा ने बताया कि केंद्रीय श्रमिक संगठनों और अन्य स्वतंत्र ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर केंद्र सरकार की जन एवं श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ आठ और नौ जनवरी को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल की जा रही है।
इसी के चलते दो दिन बैंकों में कामकाज प्रभावित होगा। हड़ताल के दौरान बैंककर्मी रैली और सभा का आयोजन करेंगे। बैंककर्मियों ने इसके पहले दिसंबर महीने के आखिरी सप्ताह में भी दो दिन हड़ताल की थी। इस हड़ताल और अन्य अवकाशों के चलते बैंकों में करीब छह दिनों तक कामकाज प्रभावित रहा था।