Publish Date: Fri, 26 Jul 2024 (08:53 IST)
Updated Date: Fri, 26 Jul 2024 (09:11 IST)
Prabhat Jha : मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष प्रभात झा का शुक्रवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। 67 वर्षीय झा वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले झा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे हैं। उन्हें जून के अंत में एयरलिफ्ट कर मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पत्रकारिता से कॅरियर की शुरुआत करने वाले झा भाजपा में कई अहम पदों पर रहे। 2010 से 2012 तक उन्होंने मध्यप्रदेश भाजपा की कमान संभाली। वे 2008 से 2020 तक राज्यसभा में भाजपा सांसद भी रहे। उनके दो बेटे हैं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता आदरणीय प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें।
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि मध्यप्रदेश के विकास में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव हमे प्रेरित करेगी। आपका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
Edited by : Nrapendra Gupta