सीएम शिवराज का कथित वीडियो ट्वीट करने पर दिग्विजय सिंह के खिलाफ FIR करने की मांग
भाजपा नेताओं ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ क्राइम ब्रांच में की शिकायत
Publish Date: Sun, 14 Jun 2020 (23:36 IST)
Updated Date: Mon, 15 Jun 2020 (11:06 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में उपचुनाव की सियासी सरगर्मी के बीच वायरल वीडियो की सियासत कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को महंगी पड़ सकती है। दरअसल दिग्विजय सिंह ने रविवार दोपहर अपने ऑफिशियल ट्वीटर अकाउंट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक वीडियो ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि मदिरालय खोल दिए पर मंदिरों और पूजा स्थलों पर लॉकडाउन । वारे रे मामा “इतना पिलाओ के पड़े रहें,क्या कहनें।
दिग्विजय सिंह के ट्वीट किए गए इस वीडियो पर सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा का आरोप हैं कि दिग्विजय सिंह द्वारा कूटरचित वीडियो ट्वीटर पर डालकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की छवि धूमिल करने की कोशिश की गयी। पार्टी नेताओं ने शिकायत पत्र सौंपते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करते हुए दंडात्मक कार्यवाही करने की मांग की।
भाजपा ने क्राइम ब्रांच को जो शिकायत की है उसके मुताबिक दिग्विजय द्धारा ट्वीट किया गया वह वीडियो 12 जनवरी 2020 को शिवराज सिंह चौहान के अधिकृत ट्वीटर एकाउंट पर डाला गया था, जिसमें शिवराज सिंह चौहान किसी पत्रकार के उत्तर दिए हुए दिख रहे है औऱ उक्त वीडियो में तत्कालीन कमलनाथ सरकार की आबकारी नीति पर पत्रकार द्धारा पूछे गए सवाल पर टिप्पणी कर रहे थे। उक्त वीडियो को दिग्विजय द्धारा एडिट करके बदनियति पूर्ण सआशय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बदनाम करने की नियत से वीडियो को काट छांटकर मात्र 9 सेंकड का वीडियो डाला गया है।