Publish Date: Fri, 09 Aug 2024 (19:00 IST)
Updated Date: Fri, 09 Aug 2024 (19:03 IST)
Bomb shells found at scrap shop : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शुक्रवार को एक कबाड़ी की दुकान पर 12 से 15 बम के खोल मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते और भारतीय वायुसेना की टीम को बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद बमों में से कुछ के सक्रिय होने का संदेह है। एहतियात के तौर पर कबाड़ विक्रेता की दुकान और आसपास के घरों को खाली करवा लिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, बरामद बमों में से कुछ के सक्रिय होने का संदेह है। अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस द्वारा की गई नियमित तलाशी के दौरान ये खोल बरामद किए गए, जो छोटे रॉकेट जैसे दिखते हैं और इन पर प्रेक्टिस लिखा हुआ था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी ने बताया, लगभग 12 से 15 खोल बरामद हुए हैं, जिनमें से कुछ निष्क्रिय और कुछ के सक्रिय होने का संदेह है। उन्होंने बताया कि इसके बाद हमने नर्मदापुरम से बम निरोधक दस्ते और आमला स्टेशन से वायुसेना की टीम को बुलाया। एहतियात के तौर पर हमने कबाड़ विक्रेता की दुकान और आसपास के घरों को खाली करवा लिया है।
अधिकारी ने बताया कि विशेषज्ञों द्वारा इनका विश्लेषण करने के बाद ही खोल के बारे में और अधिक जानकारी मिलेगी और उन्हें कैसे नष्ट किया जाए, यह भी पता चलेगा। कबाड़ व्यापारी नइम कुरैशी ने बताया कि खोल दो बोरियों में थे, जिन्हें शहर के इंदिरा गांधी वार्ड के वसीम और शाहरुख नाम के दो लोगों ने उन्हें बेचा और दावा किया कि उनमें लोहे के टुकड़े हैं।
कुरैशी ने बताया, मैंने पहले भी इन दोनों से सामान खरीदा था। मुझे नहीं पता था कि इन बोरियों में बम के खोल हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुरैशी के बेटे अकीब को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि अकीब भी कबाड़ी का काम करता है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें