Publish Date: Wed, 08 Feb 2017 (22:52 IST)
Updated Date: Wed, 08 Feb 2017 (22:56 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर की पुलिस बढ़ते सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए वाहन चालकों की आंखों की मुफ्त में जांच करवाएगी तथा जांच के बाद ऐसे वाहन चालकों के लायसेंस निरस्त कर देगी।
पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मोहम्मद युसूफ कुरैशी ने बुधवार को बताया कि एक संस्था द्वारा किए गए अध्ययन में प्रमुखता से सड़क दुर्घटना की वजह कमजोर दृष्टि को बताया गया है। इंदौर में प्रत्येक वर्ष औसतन तीन सौ लोग सड़क दुर्घटना का शिकार होकर काल के गाल में समा जाते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे हादसे सबसे अधिक बड़े वाहनों की वजह से होते हैं। अतः पुलिस अब नियमित रूप से होने वाली वाहन चेकिंग के दौरान चार पहिया वाहन चालकों की आंखों की जांच विशेषज्ञ से करवाएगी। जांच में कमजोर दृष्टि पाए जाने वाले वाहन चालकों का लायसेंस उपचार अवधि तक निरस्त कर दिया जाएगा। (वार्ता)