Publish Date: Sat, 20 May 2017 (14:55 IST)
Updated Date: Sat, 20 May 2017 (15:51 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के मुख्य बाजार रानीपुरा में आग लगने से अफरातफरी मच गई है। यह आग एक तीन मंजीला इमारत में लगी। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे बाजार में काला धूंआ छा गया। आग लगने से इमारत की ऊपरी मंजील पर लोग फंस गए।
भीषण अग्निकांड के दौरान यह इमारत लपटों से घिर गई और इसमें रखा लाखों रुपए का माल जलकर खाक हो गया। यह इस इलाके में महीने भर के दौरान बड़े अग्निकांड की दूसरी घटना है।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग रानीपुरा क्षेत्र में इमारत की पहली मंजिल स्थित कटलरी और प्लास्टिक के सजावटी सामान की दुकान में लगी। आग की विकराल लपटों ने देखते ही देखते इस इमारत की दो अन्य मंजिलों को भी अपनी जद में ले लिया, जहां इस दुकान का माल भरा था।
उन्होंने बताया कि पूरी तरह आग बुझाने में करीब चार घंटे का समय लगा। अग्निकांड में तीन मंजिला इमारत में रखा माल खाक हो गया। अधिकारी ने कहा कि संदेह है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
रानीपुरा क्षेत्र की ही एक अन्य दुकान में अवैध तौर पर जमा आतिशबाजी से 18 अप्रैल को सामने आये भीषण अग्निकांड में आठ लोगों की मौत हो गई थी।
घनी बसाहट और संकरी गलियों के कारण अग्निशमन विभाग को इस इलाके में अग्निकांडों पर काबू पाने में खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।