Publish Date: Wed, 02 Aug 2017 (11:51 IST)
Updated Date: Wed, 02 Aug 2017 (11:55 IST)
इंदौर। इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय की कैंटीन में बुधवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। केंटीन के पास स्थित ओपीडी से करीब 100 मरीजों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एमवायएच की कैंटीन में नाश्ता तैयार किए जाने के दौरान लगी आग के बाद कर्मचारियों ने वहां रखे गैस सिलेंडरों को फौरन बाहर किया। इस बीच, ओपीडी से एहतियातन लगभग 100 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अधिकारी ने बताया कि इससे पहले कि आग कैंटीन से बाहर फैलती, दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर इस पर काबू पा लिया। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है। इस घटना में कैंटीन के सामान को नुकसान पहुंचा है लेकिन किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।
अग्निकांड की वजह से अस्पताल का ओपीडी करीब एक घंटे बंद रहा। आग पर काबू पाए जाने के बाद इसे दोबारा शुरू कर दिया गया। (भाषा)