Publish Date: Sun, 12 Aug 2018 (10:16 IST)
Updated Date: Sun, 12 Aug 2018 (10:34 IST)
भोपाल के छात्रावास मामले में छात्रावास संचालक की दरिंदगी की एक और कहानी सामने आई है। एक मूक-बधिर छात्रा ने पुलिस के सामने आकर संचालक अश्विनी शर्मा के कुकर्मों की कहानी बयां की। पीड़िता ने बताया कि अश्विनी होस्टल में जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म के साथ अप्राकृतिक कृत्य भी करता और वीडियो बना लेता था। उसके साथ छात्रावास में लगातार छ: महीने तक साथ दरिंदगी होती रही।
हीरानगर पुलिस के अनुसार पिपलिया पघारा (धार) निवासी युवती शनिवार शाम भाई और साइन लैंग्वेज जानकार के साथ थाने पहुंची। उसने होस्टल संचालक अश्विनी शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म, अप्राकृतिक कृत्य, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज करवाया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना अक्टूबर 2017 से मार्च 2018 के बीच की है। वह आईटीआई कम्प्यूटर कोर्स करने भोपाल गई थी। होस्टल अवधपुरी (भोपाल) में था। अक्टूबर 2017 में संचालक अश्विनी होस्टल में आया और पीड़िता व उसकी सहेलियों को यह कहकर घर ले गया कि तुम्हें अब से यहीं रहना है।
अश्विनी भी छात्राओं के साथ ही सोता था। इस दौरान उसने तीन छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाए। कुछ दिनों बाद अश्विनी ने पीड़िता को भी अश्लील फोटो दिखाने की कोशिश की। पीड़िता ने बताया कि आरोपित के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद वह सामने आई और केस दर्ज करवाया।
webdunia
Publish Date: Sun, 12 Aug 2018 (10:16 IST)
Updated Date: Sun, 12 Aug 2018 (10:34 IST)