Publish Date: Sat, 03 Feb 2018 (18:55 IST)
Updated Date: Sat, 03 Feb 2018 (19:03 IST)
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रहते प्रदेश मंत्रिमंडल में इंदौर से किसी और के प्रतिनिधित्व की आवश्यकता नहीं है। विजयवर्गीय प्रदेश मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद अपने गृह क्षेत्र इंदौर में चर्चा कर रहे थे।
आज हुए मंत्रिमंडल विस्तार में इंदौर के किसी विधायक को शामिल नहीं किया गया है। भाजपा महासचिव ने आज सुबह मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भोपाल में पत्रकारों से कही बात को दोहराते हुए यहां भी कहा कि मुख्यमंत्री इंदौर के नायक-महानायक हैं। प्रदेश का अगला विधानसभा चुनाव चौहान के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
मंत्रिमंडल विस्तार से पूर्व इंदौर से दो विधायकों को मंत्रिमंडल में लिए जाने के कयास लगाए जा रहे थे। इनमें लोकसभा अध्यक्ष और स्थानीय सांसद श्रीमती सुमित्रा महाजन के समर्थक कहे जाने वाले इंदौर-एक से विधायक सुदर्शन गुप्ता और विजयवर्गीय के नजदीकी इंदौर-दो से विधायक रमेश मैंदोला के नाम की अटकलें जोरों पर थीं।
गौरतलब है कि विजयवर्गीय ने भाजपा संगठन में जाने के बाद प्रदेश मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। तब से ही प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर से मंत्रिमंडल में किसी को शामिल नहीं किया गया है।