Publish Date: Wed, 18 Nov 2020 (15:22 IST)
Updated Date: Wed, 18 Nov 2020 (15:32 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में उपचुनाव के बाद अब प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी का ऐलान जल्द हो सकता है। प्रदेश भाजपा की नई कार्यसमिति करीब पांच साल से नहीं बन पाई है। वर्तमान में प्रदेश भाजपा में वहीं टीम काम कर रही है जिसका गठन नंदकुमार सिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए बनाई थी। जल्द घोषित होन वाली प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की नई टीम में 10 उपाध्यक्ष,10 प्रदेश मंत्रियों के साथ-साथ प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों की नियुक्ति की जा सकती है।
इसी साल फरवरी में वीडी शर्मा के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद अब तक वह अपनी नई टीम का गठन नहीं कर सके है। इसका बड़ा कारण प्रदेश में अचानक से हुए सत्ता परिवर्तन और 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव थे। पिछले आठ महीने से प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अपनी पुरानी टीम के साथ ही काम कर रहे हैं।
उपचुनाव की तैयारियों के बीच वीडी शर्मा ने पांच महामंत्रियों भगवानदास सबनानी, सरदेन्दु तिवारी, रणबीर सिंह रावत,कविता पाटीदार और हरिशंकर खटीक को जरूर अपनी टीम में जरूर शामिल कर लिया था, वहीं अब उपचुनाव के बाद नई सिरे से प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की गठन होने जा रहा है। महामंत्री बनाए गए रणबीर सिंह रावत किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे इनके महामंत्री बनने के बाद अब किसान मोर्चा को नया अध्यक्ष मिलना तय है।
माना जा रहा हैं कि प्रदेश भाजपा की नई टीम में 10 उपाध्यक्ष,10 प्रदेश मंत्री बनाए जाने के साथ ही प्रदेश मीडिया प्रभारी,कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रभारी जैसे पदों पर नए लोगों को मौका मिल सकता है। इसके साथ ही संगठन से लंबे समय से काम कर रहे कुछ नेताओं को निगम मंडल में एडजस्ट किया जाएगा।
क्या बोले वीडी शर्मा ? - वहीं नई टीम का गठन को लेकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जिस कार्यकर्ता की जहां जरूरत होगी,उससे वहां काम लिया जाएगा। जो जिस काम के लिए उपयोगी है उसे उसके अनुसार जिम्मेदारी दी जाएगी। वहीं नई कार्यकारिणी में सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हुए नेताओं की भागीदारी पर वीडी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक तंत्र के आधार पर और एक सिस्टम से काम करती है। यहां सब पार्टी के कार्यकर्ता होते हैं और कोई किसी का समर्थक नहीं होता है।