Publish Date: Fri, 24 Jul 2020 (12:25 IST)
Updated Date: Fri, 24 Jul 2020 (12:42 IST)
भोपाल। भोपाल में बकरीद पर लॉकडाउन को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। लॉकडाउन को लेकर दिग्विजय सिंह के सवाल उठाने को लेकर अब गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया है। दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए गृहमंत्री ने कहा कि
लॉकडाउन को लेकर उद्देश्य पवित्र है, इसमें कोई राजनीतिक लाभ नहीं है। अगर दिग्विजय सिंह गारंटी ले लें कि वह कोरोना को रोक देंगे तो हम लॉकडाउन को हटा लेंगे। उन्हें कुछ करना नहीं है,कमरे से निकलना नहीं,सिर्फ ट्वीटर के हिसाब से राजनीति करनी है।
राखी और ईद पर भोपाल में लॉकडाउन में छूट देने के दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वह खबरों में बने रहने के लिए ऐसी बातें बोलते है। वहीं कांग्रेस के इस आरोप पर कि लॉकडाउन को लेकर धर्मगुरुओं से कोई बात नहीं की गई, इस पर गृहमंत्री ने कहा कि उनकी खुद आरिफ मसूद और शहर काजी से बात हुई है, लॉकडाउन पूरी तरह सफल हो इसके लिए जिससे जरूरत होगी बात करेंगे,इसमें कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।
दिग्विजय ने उठाए थे सवाल – इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बकरीद और रक्षाबंधन के त्योहार पर लॉकडाउन से छूट देने की मांग की है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ईद पर कुर्बानी के लिए और रक्षाबंधन के त्योहार पर भाई बहन से मिलने के लिए भोपाल शहर में लॉकडाउन में छूट दी जानी चाहिए।
गौरतलब है कि राजधानी में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते सरकार ने आज रात 8 बजे से 10 दिनों के लॉकडाउन का एलान किया है, लॉकडाउन के दौरान ही बकरीद और राखी के त्योहार भी पड़ रहे है।