Publish Date: Fri, 15 Mar 2024 (20:31 IST)
Updated Date: Fri, 15 Mar 2024 (20:36 IST)
Many Congress leaders joined BJP in Madhya Pradesh : मध्य प्रदेश में शुक्रवार को महू से पूर्व कांग्रेस विधायक अंतर सिंह दरबार और इंदौर से उनके वरिष्ठ पार्टी सहयोगी पंकज संघवी पार्टी के कई अन्य नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
शानदार विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा को गले लगाया : मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में इन नेताओं ने आधिकारिक तौर पर अपनी राजनीतिक निष्ठा बदल ली। चुनाव आयोग शनिवार को लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करेगा।
संघवी 2019 के आम चुनाव में इंदौर से कांग्रेस के उम्मीदवार थे। भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए इन नेताओं ने कहा कि उन्होंने देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री यादव द्वारा किए जा रहे शानदार विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा को गले लगाया है।
पिछले हफ्ते पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी, पूर्व विधायक संजय शुक्ला (इंदौर-1), अर्जुन पालिया (पिपरिया), विशाल पटेल (देपालपुर) सत्तारूढ़ दल में शामिल हुए थे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटें जीती थीं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ, जो छिंदवाड़ा से चुने गए, राज्य में पार्टी के एकमात्र विजेता थे। पिछले दो महीनों में मध्य प्रदेश में कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour