Publish Date: Sat, 25 May 2019 (17:36 IST)
Updated Date: Sat, 25 May 2019 (22:36 IST)
भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के पिता प्रेम सिंह का शनिवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। मध्यप्रदेश भाजपा की एक विज्ञप्ति के अनुसार प्रेम सिंह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें दो दिन पहले ही उपचार के लिए मुंबई ले जाया गया था, जहां शनिवार को दोपहर उनका निधन हो गया।
उनके निधन की सूचना मिलने के बाद शिवराजसिंह मुंबई पहुंच गए हैं और शनिवार रात 10.30 बजे अपने पिता की पार्थिव देह लेकर विशेष विमान से भोपाल के लिए रवाना होंगे। वे यहां रात्रि 12.30 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंचेंगे।
विज्ञप्ति के अनुसार उनके पार्थिव देह को उनके यहां साकेत नगर स्थित निवास पर ले जाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार रविवार अपरान्ह 4 बजे नर्मदा के तट पर होगा।
कमलनाथ ने व्यक्त किया शोक : प्रदेश के मुखिया कमल नाथ ने ट्विटर पर लिखा- प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के पिता प्रेमसिंहजी के दु:खद निधन की खबर प्राप्त हुई। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। दु:ख की इस घड़ी में हम सभी परिवार के साथ हैं। ईश्वर मृत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान व परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
विशेष प्रतिनिधि
Publish Date: Sat, 25 May 2019 (17:36 IST)
Updated Date: Sat, 25 May 2019 (22:36 IST)