Publish Date: Fri, 22 Sep 2017 (11:38 IST)
Updated Date: Fri, 22 Sep 2017 (11:42 IST)
रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में अज्ञात हमलावरों द्वारा बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की हत्या के बाद से शहर में तनाव की आशंका के चलते पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय निवासी तरुण सांखला (20) गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब एक बजे अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं।
घायल तरुण को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही पुलिस प्रशासन ने चौकन्ना होकर स्थिति पर नजर रखनी शुरु कर दी।
पुलिस रात से ही हमलावरों की तलाश में जुट गई है। मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव सुबह परिजन को सौंप दिया गया।
बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या से शहर में तनाव की आशंका को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। (वार्ता)