Publish Date: Mon, 27 Mar 2017 (17:40 IST)
Updated Date: Mon, 27 Mar 2017 (17:43 IST)
राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिला अस्पताल में एक मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां उपचार के लिए भर्ती की गई बुजुर्ग महिला अचानक गायब हो गई। बुजुर्ग महिला का पता तब चला जब उसके शव को जानवरों ने नोंच डाला।
खबरों के मुताबिक 22 मार्च को 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला बेहाशी की हालत में मिली थी और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके तीन दिन बाद रविवार की सुबह उसका क्षत-विक्षत शव अस्पताल के पीछे के हिस्से में मिला। उसके शरीर के कुछ हिस्सों को जानवरों ने नोंच डाला था।
पुलिस के मुताबिक महिला का शव बुरी तरह से सड़ चुका था और उसके अंगों को जानवरों ने नुकसान पहुंचाया है। खबरों के अनुसार महिला मधुसूदनगढ़ की निवासी थी और यहां मांगकर अपना पेट भरती थी। वह अस्पताल से कब गायब हुई, इसका पता नहीं चल पाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला के परिजन भी आ गए हैं। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि महिला अस्पताल के पीछे की तरफ किसी काम से गई होगी, वहीं उसे चक्कर या हृदयाघात आया हो, और उसकी मौत हो गई हो। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।