Publish Date: Wed, 27 Nov 2024 (20:21 IST)
Updated Date: Wed, 27 Nov 2024 (20:53 IST)
Maharashtra Politics : कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने एकनाथ शिंदे पर मुख्यमंत्री पद पर दावा छोड़ने के लिए दबाव डाला।
शिंदे के यह स्पष्ट करने के बाद कि मुख्यमंत्री पद के संबंध में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का निर्णय उन्हें स्वीकार्य होगा, पटोले ने कहा कि महायुति गठबंधन को भारी जनादेश मिलने के बावजूद अगली सरकार बनाने में इतना समय लिया जा रहा है जिससे संदेह उत्पन्न होता है।
उन्होंने कहा, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने शिंदे पर मुख्यमंत्री पद पर दावा छोड़ने का दबाव बनाया। महाराष्ट्र को इंतजार कराना (सरकार गठन के मामले में) निंदनीय है। कांग्रेस नेता ने भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस की ओर इशारा करते हुए कहा कि देखना होगा कि अगला मुख्यमंत्री कहीं वही तो नहीं, जिसके नाम की चर्चा है।
पटोले ने कहा, अचानक नया चेहरा लाना भाजपा की परंपरा रहा है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि शिंदे अप्रत्याशित जनादेश के कारण भ्रमित और हतप्रभ हैं। राज्य विधानसभा चुनाव में महायुति ने सत्ता बरकरार रखी और 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट जीत लीं। भाजपा को 132 सीट, शिवसेना को 57 और राकांपा को 41 सीट पर जीत मिली है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour