Publish Date: Mon, 28 Oct 2024 (16:28 IST)
Updated Date: Mon, 28 Oct 2024 (16:40 IST)
Maharashtra BJP List : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 25 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। पार्टी ने नागपुर-पश्चिम से सुधाकर कोहले और नागपुर-उत्तर से मिलिंद पांडुरंग माने को उम्मीदवार बनाया है। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को एक चरण में ही मतदान होने हैं, जबकि 23 नवंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी।
पार्टी ने नागपुर-मध्य सीट से प्रवीण प्रभाकरराव दटके, सावनेर से आशीष रंजीत देशमुख, कटोल से चरणसिंग ठाकुर, आर्वी से सुमित वानखेड़े, साकोली से अविनाश ब्राह्मणकर, चंद्रपुर से किशोर जोरगेवार, वसई से स्नेहा दुबे, बोरीवली से संजय उपाध्याय, वर्सोवा से भारती हेमंत लव्हेकर और लातूर शहर से अर्चना चाकुरकर को उम्मीदवार बनाया है।
इसी प्रकार कराड उत्तर सीट से मनोज घोरपड़े, मालशिरस से राम सतपुते, आष्टी से सुरेश धस, घाटकोपर पूर्व से पराग शाह और मुर्तिजापुर से हरीश पिंपले को टिकट दिया गया है।
विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने गत शनिवार को 22 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी। इससे पहले, भाजपा ने अपनी पहली सूची में 99 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इस सूची में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत तमाम दिग्गज नेताओं के नाम शामिल थे। इस प्रकार भाजपा अब तक 146 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से पार्टी के उम्मीदवार हैं, जबकि प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, मंत्री गिरीश महाजन, सुधीर मुनगंटीवार, अतुल सावे जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी टिकट दिया गया।
महाराष्ट्र में भाजपा महायुति गठबंधन का हिस्सा है और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर चुनावी मैदान में है।
संतुक मारोतराव हंबर्डे लोकसभा उम्मीदवार : भाजपा ने नांदेड़ लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए संतुक मारोतराव हंबर्डे को उम्मीदवार घोषित कर दिया। हंबर्डे वर्तमान में पार्टी की नांदेड़ ग्रामीण क्षेत्र के जिलाध्यक्ष हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ ही 20 नवंबर को नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव होगा, जबकि नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण का अगस्त में निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
कांग्रेस ने नांदेड़ संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए दिवंगत वसंतराव चव्हाण के बेटे रवींद्र चव्हाण को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा की ओर से उम्मीदवार की घोषणा किए जाने के बाद यह तय हो गया है कि इस सीट पर होने वाले उपचुनाव में मुकाबला हंबर्डे और रवींद्र चव्हाण के बीच होगा। इनपुट भाषा
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें